Advertisement

हिमाचल प्रदेशः सीएम को लेकर सियासी घमासान जारी, नाम फाइनल होने से पहले फिर हंगामा; सुक्खू के नाम पर लग सकती है मुहर

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की प्रचार समिति के प्रमुख सुखविंदर सिंह सुक्खू अगले मुख्यमंत्री हो सकते...
हिमाचल प्रदेशः सीएम को लेकर सियासी घमासान जारी, नाम फाइनल होने से पहले फिर हंगामा; सुक्खू के नाम पर लग सकती है मुहर

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की प्रचार समिति के प्रमुख सुखविंदर सिंह सुक्खू अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं। पार्टी सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने कहा कि पार्टी आलाकमान ने शीर्ष पद के लिए नादौन से विधायक सुक्खू के नाम को मंजूरी दे दी है। राज्य कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह और निवर्तमान विधानसभा में विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री सहित कई नेता भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में हैं।

वहीं, नए मुख्यमंत्री के नाम के ऐलान से पहले ही फिर हंगामा शुरू हो गया है। शिमला के एक होटल में कांग्रेस पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षकों और दावेदारों की बैठक के बीच कुछ लोग एकत्रित हो गए हैं। ये लोग सुक्खू के नाम का विरोध कर रहे हैं. जबकि रानी प्रतिभा सिंह के समर्थन मे नारे लगा रहे हैं।

शनिवार शाम शिमला में पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में उन्हें कांग्रेस विधायक दल का नेता चुने जाने की संभावना है। सूत्रों ने कहा कि नए मुख्यमंत्री के रविवार को शपथ लेने की संभावना है। शुक्रवार शाम को अपनी बैठक में, विधायकों ने सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया, जिसमें पार्टी अध्यक्ष को विधायक दल का नेता चुनने के लिए अधिकृत किया गया, जो अगला मुख्यमंत्री होगा।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पहले कहा था कि पहाड़ी राज्य में भेजे गए पार्टी पर्यवेक्षक पार्टी के सभी विधायकों से व्यक्तिगत रूप से विचार मांग रहे हैं और वे उन्हें अपनी राय बताएंगे, जिसके आधार पर पार्टी मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पर फैसला करेगी।

कांग्रेस ने पहाड़ी राज्य में 68 विधानसभा सीटों में से 40 सीटें जीतकर भाजपा से सत्ता छीन ली। मतदान 12 नवंबर को हुआ था और नतीजे गुरुवार को घोषित किए गए।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad