Advertisement

मोदी-राहुल से लेकर अखिलेश तक, जानिए किसके पास है कितनी दौलत

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कई दिग्गज चुनावी मैदान में हैं। ऐसे में उनकी पढ़ाई-लिखाई, आपराधिक रिकॉर्ड और...
मोदी-राहुल से लेकर अखिलेश तक, जानिए किसके पास है कितनी दौलत

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कई दिग्गज चुनावी मैदान में हैं। ऐसे में उनकी पढ़ाई-लिखाई, आपराधिक रिकॉर्ड और दौलत को लेकर भी जनता में जिज्ञासा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव भी सियासी रण में ताल ठोक रहे हैं। इन तीनों नेताओं ने हलफनामे में संपत्ति का विवरण दिया है, जो नामांकन-पत्र दाखिल करने के लिए एक अनिवार्य जरूरत है। आइए इनकी संपत्ति का हिसाब-किताब जानते हैं-

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

प्रधानमंत्री मोदी लगातार दूसरी बार वाराणसी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। पीएम मोदी ने चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे में बताया कि उनके पास गुजरात के गांधीनगर में एक आवासीय भूखंड, 1.27 करोड़ रुपए की सावधि जमा (एफडी) और 38,750 रुपए नकद सहित 2.5 करोड़ रुपए की संपत्ति है। जबकि 2014 में दिए हलफनामे के अनुसार उनकी कुल चल-अचल संपत्ति 1,65,91,582 थी। मोदी ने 2014 में कुल 1.65 करोड़ रुपए की संपत्ति घोषित की थी।

-मोदी के पास हैं सोने की चार अंगूठियां...

प्रधानमंत्री ने 1.41 करोड़ रुपए की चल संपत्ति और 1.1 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति घोषित की है। पीएम मोदी ने टैक्स सेविंग इन्फ्रा बॉन्ड्स में 20,000 रुपए, राष्ट्रीय बचत प्रमाण-पत्र (एनएससी) में 7.61 लाख रुपए और एलआईसी की पॉलिसियों में 1.9 लाख रुपए का निवेश किया है। बैंक में मोदी के बचत खाते में उनका नकद शेष 4,143 रुपए है। मोदी के पास 45 ग्राम वजन की सोने की चार अंगूठियां हैं। इनकी कीमत 1.13 लाख रुपए है। उनके पास गांधीनगर के सेक्टर-1 में 3,531 वर्ग फुट का प्लॉट है। शपथ पत्र के अनुसार, इस संपत्ति का अनुमानित मूल्य, जिसमें भूखंड पर एक आवासीय इकाई शामिल है, 1.1 करोड़ रुपए है।

-पत्नी की आय का स्रोत ज्ञात नहीं

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘‘सरकार से वेतन’’ और ‘‘बैंक से ब्याज’’ को अपनी आय का स्रोत बताया है, वहीं उनकी पत्नी की आय के स्रोत के बारे में हलफनामे में ‘‘ज्ञात नहीं’’ लिखा है। उनकी पत्नी के पेशे या व्यवसाय को भी ‘‘ज्ञात नहीं’’ के रूप में लिखा गया है।

-गुजरात विश्वविद्यालय से एम.ए. की डिग्री

हलफनामे के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने जशोदाबेन को अपनी पत्नी बताया है। उन्होंने यह भी बताया है कि उनके पास 1983 में गुजरात विश्वविद्यालय से ली गई एम.ए की डिग्री है। उन्होंने 1978 में दिल्ली विश्वविद्यालय से आर्ट में स्नातक किया है और 1967 में एसएससी की परीक्षा गुजरात बोर्ड से पास की।

-कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं

प्रधानमंत्री मोदी ने हलफनामे में घोष्त किया है कि उनके खिलाफ कोई आपराधिक केस लंबित नहीं है और न ही उन पर कोई सरकारी बकाया राशि है।

 

राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष

रायबरेली के साथ साथ वायनाड से चुनाव लड़ने वाले वाले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के पास 15.88 करोड़ रुपए की संपत्ति है। पांच साल पहले उनकी संपत्ति 9.8 करोड़ रुपए थी। फिलहाल राहुल गांधी की दौलत प्रधानमंत्री मोदी से करीब 6 गुना ज्यादा है।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की संपत्ति में पिछले 5 सालों में 68.93 फीसदी का इजाफा हुआ और अब 15.88 करोड़ रुपये से ज्यादा की चल-अचल संपत्ति हो गई है। हलफनामे के मुताबिक, राहुल के पास 5.8 करोड़ रुपये की चल और 9.2 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। 2014 के चुनावों में उन्होंने अपनी 9.40 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति की घोषणा की थी।

-राहुल के पास 333.3 ग्राम सोना, नहीं है कार

कांग्रेस प्रमुख के पास 40 हजार रुपये नकदी है, विभिन्न बैंकों में उनके 17.93 लाख रुपये जमा हैं। गांधी ने 5.19 करोड़ रुपये विभिन्न कंपनियों के बॉन्ड, डिबेंचर और शेयरों में लगा रखे हैं। उनके पास 333.3 ग्राम सोना भी है। दिल्ली के सुल्तानपुर गांव में उनके पास खेती की पैतृक भूमि भी है। उनके पास गुरुग्राम में दो कार्यालय भी हैं। राहुल गांधी के पास कार नहीं है और एसपीजी सुरक्षा प्राप्त होने के कारण उन्हें एसपीजी के वाहन में घूमना पड़ता है।

-72 लाख का कर्ज

राहुल गांधी की विभिन्न बैंकों एवं अन्य वित्तीय संस्थानों की उन पर 72 लाख रुपये की देनदारी है। राहुल ने अपनी मां सोनिया गांधी से भी 5 लाख रुपये का कर्ज भी ले रखा है।

आय का स्रोत

राहुल गांधी ने हलफनामे में घोषणा की है कि उनके आय का स्रोत सांसद के वेतन, रॉयल्टी आय, किराये से आय, बॉन्ड से मिले ब्याज, डिविडेंड और म्युचुअल फंड से मिलने वाली पूंजी है।

कांग्रेस अध्यक्ष पर पांच मामले

राहुल के खिलाफ पांच मामले लंबित हैं। दो मामले महाराष्ट्र में लंबित हैं और एक-एक मामला झारखंड, असम और नई दिल्ली में लंबित है।

-ट्रिनीटी कॉलेज से एमफिल

उन्होंने 1995 में कैंब्रिज विश्वविद्यालय के ट्रिनीटी कॉलेज से एमफिल (डिवेलपमेंट स्टडीज) किया है।

 

अखिलेश यादव, सपा अध्यक्ष

समाजवादी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आजमगढ़ से चुनावी मैदान में हैं। अखिलेश 24 करोड़ की चल-अचल संपत्ति के मालिक हैं। साथ ही अखिलेश ने अपने परिजनों, समाजवादी पार्टी आदि को एक करोड़ 37 लाख से अधिक रुपए कर्ज या एडवांस के तौर उधार दे रखा है।

76 हजार का सेल्युलर फोन और 35 हजार की व्यायाम मशीन..

नामांकन पत्र के साथ दिए गए हलफनामे के मुताबिक, अखिलेश के पास 3.91 लाख का नकद है। जबकि इटावा,लखनऊ और दिल्ली स्थित पांच  बैंक खातों में अखिलेश यादव के नाम से लगभग 5.3 करोड़ रुपये जमा हैं। उनके पास 76 हजार 15 रुपये का सेल्युलर फोन, 35 हजार की व्यायाम मशीन भी है। चल संपत्ति के रूप में उन्होंने सात करोड़ 90 लाख रुपये दर्शाया है।

16 करोड़ की अचल संपत्ति

अचल संपत्ति के रूप में अखिलेश यादव के पास मुचहरा सैफई में 17.93 एकड़ कृषि भूमि और इटावा में प्लाट फ्रेंडस कालोनी, दिलकुशा एमजी रोड पर कामर्शियल भवन, विक्रमा दित्य मार्ग लखनऊ में आवासीय भवन है। कुल अचल संपत्ति 16 करोड़ की है। इस तरह से अखिलेश यादव के पास कुल चल और अचल संपत्ति 24 करोड़ की है।

डिंपल यादव की चल संपत्ति तीन करोड़ 68 लाख

उनकी पत्नी डिंपल यादव की चल संपत्ति तीन करोड़ 68 लाख की है। इसमें से उनके पास 4.3 लाख कैश के तौर पर है। इसमें हीरे,मोती ,सोने के 59 लाख के जेवरात भी शामिल है। वहीं डिंपल यादव के पास कुल 12 करोड़ 98 लाख की चल-अचल  संपत्ति है।

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad