Advertisement

पीएम मोदी बोले, कांग्रेस अध्यक्ष बताएं उनकी पार्टी में मुस्लिम महिलाओं के लिए भी जगह है क्या

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को कांग्रेस पार्टी पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि मैंने...
पीएम मोदी बोले, कांग्रेस अध्यक्ष बताएं उनकी पार्टी में मुस्लिम महिलाओं के लिए भी जगह है क्या

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को कांग्रेस पार्टी पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि मैंने समाचार पत्र में पढ़ा है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने कांग्रेस को मुस्लिमों की पार्टी बताया है। इससे मुझे कोई आश्चर्य नहीं हुआ। मोदी ने सवाल किया कि कांग्रेस यह बताए कि वह केवल मुस्लिम पुरुषों की पार्टी है या मुस्लिम महिलाओं की भी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में मुस्लिम महिलाओं के सम्मान, गौरव और हक के लिए कोई जगह है क्या। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष को श्रीमान नामदार कह कर संबोधित किया।

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के शिलान्यास के बाद आयोजित रैली में प्रधानमंत्री ने कहा कि जो लोग कभी एक-दूसरे को देखना पसंद नहीं करते थे वे अब एक साथ हो गए हैं और मोदी-मोदी चिल्ला रहे हैं। जितने भी लोग जमानत पर हैं वे जनता के विकास को रोकना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि तीन तलाक के मुद्दे पर विपक्षी पार्टियों के रुख ने इनकी पोल खोल दी है। एक ओर जहां केंद्र सरकार महिलाओं का जीवन आसान बनाने का प्रयास कर रही है वहीं दूसरी ओर ये पार्टियां महिलाओं खासकर मुस्लिम महिलाओं की राह कठिन करने के लिए साथ आ गई हैं।

बाद में मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में कहा कि न्यू इंडिया के लिए एक नए बनारस का निर्माण हो रहा है, जिसकी आत्मा तो पुरातन ही होगी लेकिन काया नवीनतम। जिसमें आध्यात्म भी होगा और आधुनिकता भी। जहां के कण-कण में संस्कृति और संस्कार होंगे लेकिन व्यवस्थाएं स्मार्ट होगी।

उन्होंने कहा कि देश और दुनिया से भोले के जो भक्त काशी आते हैं उनको असुविधा ना हो इसकी व्यवस्था की जा रही है। आस्था और सांस्कृतिक महत्व के जितने भी स्थान काशी में हैं, उनको जोड़ने वाली दो दर्जन सड़कों को या तो सुधारा गया है या फिर नए सिरे से निर्माण किया गया है।

मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार ने विकास का उत्तम वातावरण बनाने का काम किया है। अपराध और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण लगाकर, योगी जी ने प्रदेश में निवेश लाने और उद्यमियों के लिए व्यापार को सुलभ बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में जनता का पैसा जनता की भलाई के लिए प्रयोग हो रहा है। सरकार की नई कार्य संस्कृति प्रदेश को नई उंचाइयों पर लेकर जाएगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा देश के किसान, गरीब, वंचित, शोषित और पिछड़ों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने का निरंतर कार्य किया जा रहा है। 2014 से पहले देश में जितनी लम्बाई के राष्ट्रीय राजमार्ग थे आज वो दोगुने हो चुके हैं, आजादी से पहले देश में जितना कार्य हुआ था उससे ज्यादा काम चार साल में भाजपा सरकार ने करके दिखाया है। मोदी ने कहा कि पिछले एक साल में योगी जी की कमान में जो काम किया गया है, वह अभूतपूर्व है। बड़े-बड़े अपराधियों की स्थिति क्या है, ये आपको भलीभांति पता है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad