Advertisement

झारखंड में बोलीं प्रियंका गांधी, भाजपा प्रचार में सुपर हीरो और काम में जीरो

झारखंड विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार को प्रचार...
झारखंड में बोलीं प्रियंका गांधी, भाजपा प्रचार में सुपर हीरो और काम में जीरो

झारखंड विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार को प्रचार में उतरीं। उन्होंने राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रचार में सुपर हीरो है, काम में जीरो है। मैं सरकार से पूछना चाहती हूं कि कितने युवाओं को रोजगार दिया। कितनी लोगों की गरीबी मिटाई, कितने उद्योग लगाए। यह अमीरों की जेब भरने और जमीन लूटने की सरकार है।

रैली में प्रियंका गांधी ने कहा कि यह झारखंड के अस्तित्व बचाने का चुनाव है। भाजपा की सरकार आपकी आत्‍मा पर हमला कर रही है और आपको बर्बाद करना चाहती है। प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा ने सीएनटी-एसपीटी एक्‍ट का दुरुपयोग किया जबकि इंदिरा गांधी ने आदिवसियों की जल, जंगल जमीन को सुरक्षित रखने के लिए संघर्ष किया।

नहीं किया किसानों का कर्ज माफ

उन्होंने भाजपा की अगुवाई वाली सरकार पर "उनकी जमीनों को लूटने और अमीरों की जेब भरने" का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "सरकारी बैंकों ने अमीरों को करोड़ों का कर्ज दिया, लेकिन किसानों के कर्ज माफ नहीं किए। लगभग 15,000 किसानों ने आत्महत्या की, लेकिन सरकार ने कुछ नहीं किया।"

भूखे मर रहे हैं लोग

उन्होंने कहा कि झारखंड खनिजों का भंडार है, लेकिन भाजपा सरकार में यहां की महिलाएं और बच्चे भूख से मर रहे हैं। कांग्रेस शासन में यहां लोगों को 35 किलो धान मिल रहा था लेकिन भाजपा में केवल  5 किलो। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या भाजपा सरकार ने अपने वादे पूरे किए हैं और राज्य सरकार पर भ्रष्ट होने का आरोप लगाया।  प्रियंका गांधी ने कहा, " नए-नए कानूनों के जरिए मुद्दों से भटकाया गया। एनआरसी फेल हो गया, फिर नागरिकता कानून लाया गया। असम जल रहा है, दिल्ली में छात्रों ने आवाज उठाई, तो लाठीचार्ज किया।

अंतिम चरण में 16 सीटों पर डाले जाएंगे वोट

झारखंड में पांचवें और अंतिम चरण के तहत 20 दिसंबर को राज्य की 16 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इनमें राजमहल, बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, नाला, जामताड़ा, दुमका, जामा, जरमुंडी, सारठ, पोड़ैयाहाट, गोड्डा और महगामा शामिल हैं। 2014 में इन 16 सीटों में से छह पर झामुमो, पांच पर भाजपा, तीन पर कांग्रेस और दो पर जेवीएम उम्मीदवार जीते थे। बरहेट से भाजपा ने सिमोन मालतो को उम्मीदवार बनाया है, झामुमो ने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हेमंत सोरेन को मैदान में उतारा है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad