Advertisement

राहुल गांधी ने किया 'भारत जोड़ो यात्रा' का आगाज, बोले- हम भारत के लोगों को सुनना चाहते हैं

कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का बुधवार को पार्टी के पूर्व अध्यक्ष व वायनाड से सांसद राहुल गांधी...
राहुल गांधी ने किया 'भारत जोड़ो यात्रा' का आगाज, बोले- हम भारत के लोगों को सुनना चाहते हैं

कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का बुधवार को पार्टी के पूर्व अध्यक्ष व वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने आगाज कर दिया है। कांग्रेस ने कन्याकुमारी में एक मेगा रैली से अपनी 3,570 किलोमीटर लंबी 'भारत जोड़ो यात्रा' शुरू की। साल 2024 के आम चुनावों को देखते हुए कन्याकुमारी से पार्टी की इस यात्रा को हरी झंडी दिखाई गई।

बता दें कि इस पैदल मार्च को 150 दिनों में पूरा किया जाएगा और इसका अंतिम पड़ाव कश्मीर होगा। यात्रा को कांग्रेस पार्टी में जान फूंकने की कवायद के तौर पर भी देखा जा रहा है। इससे पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सुबह पिता राजीव गांधी की समाधि पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कन्याकुमारी से अपने भाषण में राहुल गांधी ने कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को भारत के लोगों की आवाज़ को सुनने के लिए डिजाइन किया गया है। हम आरएसएस और भाजपा की तरह भारत के लोगों की आवाज़ को दबाना नहीं चाहते, हम भारत के लोगों को सुनना चाहते हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें(भाजपा) लगता है कि ईडी, सीबीआई, आयकर विभाग से वे विपक्ष को डरा सकते हैं। चाहे कितने भी घंटों तक पूछताछ की जाए, विपक्ष का एक भी नेता भाजपा से डरने वाला नहीं है। भाजपा को लगता है कि वे इस देश को धार्मिक आधार पर, भाषा के आधार पर बांट सकते हैं।

उन्होंने कहा कि मुझे तमिलनाडु आकर बहुत खुशी होती है। मुझे भारत जोड़ो यात्रा यहां से शुरू करते हुए बेहद खुशी है। आज़ादी के इतने साल बाद भी सिर्फ कांग्रेस ही नहीं भारत के करोड़ों लोग भारत जोड़ो यात्रा की जरूरत महसूस कर रहे हैं। कुछ लोग झंडे को देखते हैं तो झंडे में तीन रंगों और चक्र को देखते हैं, लेकिन सिर्फ यह इतना ही नहीं है, यह इससे कहीं बढ़कर है।

राहुल ने कन्याकुमारी में कहा कि तिरंगा आसानी से नहीं मिला था, इसे भारत के लोगों ने कठिन परिश्रम से हासिल किया और यह प्रत्येक धर्म एवं भाषा से जुड़ा हुआ है। हमारा तिरंगा अपनी पसंद के किसी भी धर्म का आचरण करने के अधिकार की गारंटी देता है, लेकिन आज यह ध्वज हमले का सामना कर रहा।

राहुल गांधी ने कहा कि आज बीजेपी की सरकार में हर एक संस्था खतरे में है, आज हर संस्था पर आरएसएस-भाजपा हमला कर रही, उन्हें लगता है वे धर्म और भाषा के आधार पर भारत को बांट सकते हैं। उन्होंने ईडी की पूछताछ का जिक्र करते हुए कहा कि वो कितने घंटे इंटोरेगेशन कर लें, एक भी विपक्ष का नेता नहीं डरने वाला है।

राहुल गांधी ने कहा, ''बीजेपी सोचती है कि वो इस देश को धार्मिक, भाषा के आधार पर बांट सकते हैं, जो नहीं हो सकता। यह देश हमेशा यूनाइटेड रहेगा। भारत आज सबसे बुरी आर्थिक क्राइसिस के दौर में है।'' उन्होंने कहा कि भारत अब तक की सर्वाधिक बेरोजगारी दर के साथ अपने सर्वाधिक गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहा है, देश आपदा की ओर बढ़ रहा है।

सोनिया गांधी ने जारी किया संदेश

 

साथ ही, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के लिए एक संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि मैं इसमें पूरी भावना के साथ भाग लूंगी। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कांग्रेस के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे संगठन में फिर से एक नई ऊर्जा का संचार होगा। 
 
पूरा मुल्क इस यात्रा को लेकर उत्सुक है- गहलोत

 

वहीं, भारत जोड़ो यात्रा पर राजस्थान के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि पूरा मुल्क इस यात्रा को लेकर उत्सुक है। देश में सामाजिक ताना-बाना कैसे मजबूत हो, जाति एवं धर्म के नाम पर चल रहे ध्रुवीकरण को कैसे मिटाएं और आपस में प्यार रहे, यह संदेश लेकर राहुल जी इस यात्रा पर निकल गए हैं।
 
चिदंबरम ने साधा भाजपा पर निशाना 
 
कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा शुरू की गई भारत जोड़ी यात्रा देश का दूसरी स्वतंत्रता संग्राम है। यह तब तक जारी रहेगा, जब तक विभाजनकारी ताकतें हार नहीं जातीं। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इस दूसरे स्वतंत्रता संग्राम में भाजपा की कोई भूमिका नहीं होगी, जिससे उस पार्टी का पतन हो जाएगा।
 
भारत जोड़ो यात्रा का हुआ आगाज
 
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आगाज हो गया है। द्रमुक अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने 'भारत जोड़ो यात्रा' की शुरुआत के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी को राष्ट्रीय ध्वज सौंपा। दोनों नेताओं ने तिरंगे को सलामी दी।
 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad