Advertisement

राष्ट्रपति पर बयान से बवाल: अधीर रंजन बोले- चूक हो गई, स्मृति ईरानी बोलीं- 'देश से माफी मांगे कांग्रेस'

केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर करारा हमला करते हुए कहा है कि कांग्रेस और...
राष्ट्रपति पर बयान से बवाल: अधीर रंजन बोले- चूक हो गई, स्मृति ईरानी बोलीं- 'देश से माफी मांगे कांग्रेस'

केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर करारा हमला करते हुए कहा है कि कांग्रेस और उसके नेता अधीर रंजन चौधरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर की गई टिप्पणी पर राष्ट्रपति और देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उम्मीदवार के रूप में द्रौपदी मुर्मू को कठपुतली कहा था और अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति को पत्नी के रूप में संबोधित किया। कांग्रेस के नेता ने ये घृणित काम किया है।

अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि मैं जानता हूं कि भारत की राष्ट्रपति चाहे कोई भी हो वे हमारे लिए राष्ट्रपति ही हैं। ये शब्द बस एक बार निकला है। ये चूक हुई है। लेकिन सत्ताधारी पार्टी के कुछ लोग राई का पहाड़ बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि दो दिन से जब हम विजय चौक के तरफ जा रहे थे। हमसे पूछा जा रहा था कि आप कहा जा रहे हैं। हम उनसे कह रहे थे कि हम राष्ट्रपति भवन जाना चाहते हैं और राष्ट्रपति से मिलना चाहते हैं। कल मुझसे गलती से ये(राष्ट्रपत्नी) शब्द निकला था।

स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि देश और दुनिया जानती है कि कांग्रेस आदिवासी विरोधी, गरीब विरोधी और महिला विरोधी है लेकिन कांग्रेस का इस हद तक गिर जाना कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन एक आदिवासी और गरीब परिवार की महिला का इस प्रकार अनादर करना, उनकी गरीमा पर प्रहार करना कतई स्वीकार योग्य नहीं है।

स्मृति ईरानी ने आगे कहा कि कांग्रेस ने सोनिया जी की अध्यक्षता में ये संस्कार और मूल्यविहीन एवं संविधान को चोट पहुंचाने वाला काम किया है। अधीर रंजन चौधरी ने ये जानते हुए भी कि ये संबोधन भारत के हर मूल्य, हर संस्कार के विरुद्ध है फिर भी उन्होंने द्रौपदी मुर्मू जी को राष्ट्र की पत्नी के रुप में संबोधित किया। संसद में और सड़क पर कांग्रेस और उनके नेताओं को देश की प्रथम नागरिक, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी और देश से माफी मांगनी चाहिए।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब से द्रौपदी मुर्मू का नाम राष्ट्रपति के उम्मीदवार के रूप में घोषित हुआ तब से ही द्रौपदी मुर्मू कांग्रेस पार्टी की घृणा और उपहास का शिकार बनीं। कांग्रेस पार्टी ने उन्हें कठपुतली कहा।

वहीं, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि स्पष्ट रूप से लोकसभा के विपक्ष के नेता का उद्देश्य नवनिर्वाचित राष्ट्रपति का अपमान करना था। जो एक स्व-निर्मित महिला हैं, एक आदिवासी पृष्ठभूमि से आती हैं। पूरा भारत उनका समर्थन कर रहा है। 'राष्ट्रपत्नी' शब्द का प्रयोग कहीं नहीं होता है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि राष्ट्रपति शब्द पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए समान रूप से इस्तेमाल होता है। यह एक सामान्यज्ञान है।

कांग्रेस नेता अधीर रंजन की राष्ट्रपति पर की गई 'राष्ट्रपत्नी' वाली टिप्पणी पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि ये बहुत बड़ा अपमान है, ये राष्ट्र का अपमान है। सोनिया गांधी और अधीर रंजन चौधरी को माफी मांगनी चाहिए।

बीजेपी का आरोप है कि सदन नेता अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपत्नी कहकर संबोधित किया है। इसके अलावा चुनाव से पहले कांग्रेस ने एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को कठपुतली कहा था। इस मामले पर आज स्मृति ईरानी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया और कहा कि इन सभी बयानों पर कांग्रेस को राष्ट्रपति और देश से माफी मांगनी होगी।

वहीं, क्या अधीर रंजन 'राष्ट्रपत्नी' वाली टिप्पणी पर माफी मांगेंगे इस सवाल के जवाब में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा, "उन्होंने माफी मांग ली है।"

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad