Advertisement

सीबीआई छापे पर शत्रुघ्न ने उठाए सवाल

पार्टी के रुख से अकसर अलग विचार रखने वाले भाजपा के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रधान सचिव के दफ्तर पर सीबीआई के छापे के समय को लेकर सवाल उठाया है और साथ ही हैरानी भी जताई है कि तलाशियों के लिए सलाह किसने दी।
सीबीआई छापे पर शत्रुघ्न ने उठाए सवाल

इसी के साथ सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बोले गए हमले में केजरीवाल द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा को भी खारिज कर दिया। दिल्ली सचिवालय में कल छापे के बाद केजरीवाल ने मोदी को मनोरोगी और कायर बताया था जिसके बाद आरोपों और प्रत्यारोप के कारण राजनीतिक माहौल गर्म हो गया।

अभिनेता से नेता बने सिन्हा ने कई ट्वीट के जरिये कहा, राजनीति में समय ही सबकुछ है। यह समय छापेमारी के लिए निश्चित रूप से सही नहीं था। मैं उम्मीद और प्रार्थना करता हूं कि हमारे लिए यह कदम उल्टा ना पड़ जाए। सिन्हा ने इस बात पर हैरानी भी जताई है कि प्रधान सचिव राजेन्द्र कुमार के दफ्तर पर सीबीआई छापे की सलाह किसने दी। उन्होंने कहा, हैरानी है छापेमारी की सलाह किसने दी... वह भी तब जबकि संसद सत्र चल रहा है। आखिरकार, मुख्यमंत्री (केजरीवाल) ना केवल बहुत लोकप्रिय हैं बल्कि जनता के चहेते भी हैं।

भाजपा सांसद ने लिखा है, उन लोगों को सद्बुद्धि आए, जिनके कारण हमारे लोगों और हमारे नेतृत्व को शर्मिंदगी झेलनी पड़ी...वह भी इस मोड़ पर। एक अन्य ट्वीट में सिन्हा ने कहा, हमारे डैशिंग डायनामिक एक्शन हीरो प्रधानमंत्री के बारे में दिल्ली के मुख्यमंत्री की भाषा को स्वीकार नहीं किया जा सकता। लेकिन इसे देखने की जरूरत है। इसकी पहल कैसे, क्यों और किसके द्वारा हुई? मोदी को निशाना बनाने के लिए केजरीवाल द्वारा कल प्रयोग की गई भाषा की भाजपा नेताओं ने आलोचना की और यह भी मांग की कि आप संयोजक इसके लिए माफी मांगें।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad