Advertisement

असम: सोनोवाल ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, जुटा बीजेपी का कुनबा

असम के गुवाहाटी के खानपारा मैदान में सर्बानंद सोनोवाल ने राष्ट्रगान से शुरू हुए शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के अलावा कई गणमान्य हस्तियां मौजूद थीं।
असम: सोनोवाल ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, जुटा बीजेपी का कुनबा

शपथ ग्रहण के लिए आयोजित विशाल सार्वजनिक कार्यक्रम में राज्य के पहले भाजपा मुख्यमंत्री बने सोनोवाल ने असमी भाषा में शपथ ली। राज्यपाल पद्मनाभ बालकृष्ण आचार्य ने सोनोवाल के बाद हेमंत विस्व सरमा, चंद्र मोहन पटवारी, रंजीत दत्ता, पल्लव लोचन, नबा कुमार डोली, परिमल सुक्लबैद्य, प्रमिला रानी ब्रह्मा, रिहोन दैमारी, केशव मोहंता और अतुल बोरा को मंत्री पद की शपथ दिलाई। समारोह में गृह मंत्री राजनाथ सिंह, पार्टी के मार्गदर्शक लालकृष्ण आडवाणी, वित्त मंत्री अरुण जेटली के अलावा निवर्तमान मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता तरूण गोगोई भी मौजूद थे। 

 

शपथ ग्रहण समारोह के बाद पीएम मोदी ने वहां उपस्थित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार की प्राथमिकता देश के समस्त क्षेत्रों का संपूर्ण और संतुलित विकास है। उन्होंने कहा, केंद्र सरकार एक्ट ईस्ट नीति के तहत असम और पूर्वाेत्तर के अन्य राज्यों को उनके त्वरित विकास के लिए सहायता पहुंचाएगी। मोदी ने कहा कि हम असम, बंगाल, बिहार, ओडिशा और संपूर्ण उत्तर पूर्व के विकास के लिए कटिबद्ध हैं। अपने भाषण में मोदी ने कहा, पहले उत्तर पूर्व क्षेत्र को सात बहनें कहा जाता था लेकिन हमारे लिए यह (सिक्किम सहित) 'अष्टलक्ष्मी' है और हम इस क्षेत्र के संपूर्ण और संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। मोदी ने पिछली सरकारों का जिक्र करते हुए कहा, आजादी के बाद से सभी सरकारों ने देश के लिए बहुत कुछ अच्छा किया है। हमें हर हाल में इसे आगे बढ़ाना है। 

 

 इस मौके पर उपस्थित अन्य गणमान्य लोगों में भाजपा के केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, सुरेश प्रभु, राम विलास पासवान, वेंकैया नायडू, निर्मला सीतारमण, राजीव प्रताप रूडी, जितेंद्र सिंह, जयंत सिन्हा, किरण रिजीजू और वी के सिंह के अलावा भाजपा के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (मध्यप्रदेश), वसुंधरा राजे सिंधिया (राजस्थान), आनंदीबेन पटेल (गुजरात), देवेंद्र फड़णवीस (महाराष्ट्र), मनोहर लाल खट्टर (हरियाणा), रमन सिंह (छत्तीसगढ़), लक्ष्मीकांत पारसेकर (गोवा) उपस्थित थे। समारोह में गठबंधन में सहयोगी पार्टी अकाली दल के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल (पंजाब) और तेदेपा के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू (आंध्रप्रदेश) भी पहुंचे। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी के अलावा अरूणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री कलिको पुल और सिक्किम के मुख्यमंत्री पी के चामलिंग भी मौजूद थे। शपथ ग्रहण समारोह का संचालन असम के मुख्य सचिव वी के पीपरसेनिया ने किया।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad