Advertisement

स्वामी के काफिले पर अंडा और कूड़ा फेंकने की घटना, जांच के आदेश

भारतीय जनता पार्टी के नेता सुब्रहमणयम स्वामी के काफिले पर शनिवार को कथित तौर पर कांग्रेसियों की ओर से अंडा और कूड़ा फेंके जाने का मामला सामने आया है। भाजपा नेताओं की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
स्वामी के काफिले पर अंडा और कूड़ा फेंकने की घटना, जांच के आदेश

भाजपा नेता सुब्रहमण्यम स्वामी शनिवार को वैश्विक आतंकवाद और कश्मीर के संबंध में एक संगोष्ठी को संबोधित करने कानपुर शहर आए थे। अन्य भाजपा नेताओं के साथ सर्किट हाउस से काफिले के रूप में नवाबगंज के वीएसएसडी कालेज संगोष्ठी में भाग लेने जा रहे स्वामी की गाड़ी पर कुछ लोगों ने अंडे और कूड़े फेंके। बताया जा रहा है कि शहर के व्यस्त नरौना चौराहे पर कांग्रेस के शहर अध्यक्ष हर प्रकाश अग्निहोत्री और अन्य कांग्रेसी नेताओं-कार्यकर्ताओं ने उनका जुलूस रोकने की कोशिश की। इस दौरान स्वामी के काफिले पर टमाटर, कूड़ा, अंडा और काला रंग फेंका गया। हालांकि स्वामी की गाड़ी के शीशे चढ़े हुये थे। उन्हें कोई चोट नहीं आई। उनके साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों ने हल्का लाठी चार्ज कर कांग्रेसी नेताओं को भगा दिया। इस प्रयास में कुछ कांग्रेसी नेताओं को मामूली चोटें भी आई हैं।

 

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद स्वामी के काफिले के साथ चल रहे भाजपा शहर अध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को पूरी जानकारी देने के बावजूद सुरक्षा के कोई इंतजाम नही किए गए थे। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वंय एडीएम सिटी अविनाश सिंह को इस बारे में जानकारी दी थी लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा के इंतजाम नही हुए। उन्होंने बताया कि इस बाबत एसएसपी शलभ माथुर को शिकायत की गई है और उन्होंने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। वह इसकी शिकायत पीएमओ से भी करेंगे। उधर एसएसपी माथुर ने कहा कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad