Advertisement

तेजस्वी ने अमित शाह पर लगाया घूस देकर काम कराने का आरोप, साझा किया सुशील मोदी का वीडियो

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर...
तेजस्वी ने अमित शाह पर लगाया घूस देकर काम कराने का आरोप, साझा किया सुशील मोदी का वीडियो

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर रिश्वत देकर काम कराने का आरोप लगाया है। तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर कहा कि अमित शाह रिश्वत ले-देकर बिहार में काम कराते थे। तेजस्वी ने अपने ट्वीट के साथ बिहार के मौजूदा उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी का वीडियो भी साझा किया। वीडियो में सुशील मोदी परोक्ष रूप से कहते नजर आ रहे हैं कि शाह जब व्यापार करते थे तब उन्हें बिहार में अपने काम कराने के लिए रिश्वत का सहारा लेना पड़ा था।

तेजस्वी यादव ने अपने ट्वीट में लिखा, “सुशील मोदी का अमित शाह जी के बारे में सनसनीखेज खुलासा। कहा, अमित जी रिश्वत ले-देकर वर्षों पहले बिहार में काम कराते थे. रिश्वत लेना-देना दोनों अपराध है लेकिन सुशील मोदी सीएम नीतीश कुमार के इशारे पर खुलेआम अपने अध्यक्ष की चाणक्य खूबियों का बखान कर अच्छे से उनकी मानहानि कर रहे हैं।”

क्या है वीडियो में?

तेजस्वी यादव ने जो सुशील मोदी का वीडियो ट्वीट किया वह 16 नवंबर का है। उसमें सुशील मोदी एक कार्यक्रम को संबोधित करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में सुशील मोदी कहते हैं, ‘…मैंने अमित शाह जी से पूछा आप पहली बार बिहार कब आए थे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बने तो चुनाव प्रचार में आए थे। तो उन्होंने बताया कि 20-25 साल पहले वो पाइप का बिजनेस करते थे और यहां पर उन्होंने एक विभाग में पाइप सप्लाई किए थे उसके बकाया का भुगतान नहीं मिल रहा था।’ आगे सुशील मोदी ने कहा, ‘मैंने और पूछा कि आपका काम हो गया..उन्होंने कहा, काम हो गया। मैंने कहा कैसे हुआ तो उन्होंने कहा कि बताने की जरूरत नहीं है, कांग्रेसियों की जो संस्कृति है उसी का सहारा मुझे लेना पड़ा तो भुगतान मिला। वो कांग्रेस की संस्कृति थी और आज नरेंद्र मोदी-अमित शाह की जोड़ी है। जहां भी हमारी सरकारें हैं कोई हमपर उंगली नहीं उठा सकता।’


चलता रहता है आरोप-प्रत्यारोप का दौर

बता दें कि बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव लगातार सोशल मीडिया पर भाजपा और बिहार सरकार पर तंज कसते रहते हैं। तेजस्वी और सुशील मोदी के बीच भी अमूमन ट्विटर पर जंग नजर आती है। अब तेजस्वी के ट्वीट के बाद देश और प्रदेश की राजनीति गर्म होना तय है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad