Advertisement

छेड़खानी की शिकायत करने गई लड़की पर पुलिसकर्मी ने कसा तंज, प्रियंका गांधी ने शेयर किया वीडियो

उत्तर प्रदेश के कानपुर में छेड़खानी की शिकायत दर्ज कराने गई एक लड़की को पुलिसकर्मी द्वारा परेशान किए...
छेड़खानी की शिकायत करने गई लड़की पर पुलिसकर्मी ने कसा तंज, प्रियंका गांधी ने शेयर किया वीडियो

उत्तर प्रदेश के कानपुर में छेड़खानी की शिकायत दर्ज कराने गई एक लड़की को पुलिसकर्मी द्वारा परेशान किए जाने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी अपने ट्विटर अकाउंट से पोस्ट किया है। छेड़खानी की शिकायत लेकर थाने पहुंची लड़की का मामला दर्ज करने की बजाए वहां तैनात एक पुलिसकर्मी ने उसके ही चरित्र पर सवाल उठाया। पुलिसकर्मी ने लड़की से कहा कि वह लॉकेट, अंगूठी और चूड़ी क्यों पहनती है? इसकी क्या जरूरत है? पुलिसकर्मी के इस आपत्तिजनक व्‍यवहार का वीडियो ट्वीट करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी उत्तर प्रदेश पुलिस को निशाने पर लिया है।

इस वीडियो को पोस्ट करते हुए प्रियंका गांधी ने लिखा, ‘छेड़खानी की रिपोर्ट लिखवाने गई लड़की के साथ थाने में इस तरह का व्यवहार हो रहा है...एक तरफ उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध कम नहीं हो रहे, दूसरी तरफ कानून के रखवालों का यह बर्ताव... महिलाओं को न्याय दिलाने की पहली सीढ़ी है उनकी बात सुनना...।

लड़की के भाई ने मोबाइल से शूट किया वीडियो

बताया जा रहा है कि इस वीडियो को लड़की के भाई ने मोबाइल फोन पर शूट किया, जो अपनी बहन तथा माता-पिता के साथ पुलिस स्टेशन गया था। वीडियो में पुलिसकर्मी जिसने शुरू में मामला दर्ज करने से इनकार कर दिया था, पीड़ित लड़की से आपत्तिजनक भाषा में बात करता दिखाई दे रहा है।

यहां देखें वीडियो-


 

मामला नजीराबाद थाने का है। बताया जा रहा है कि इलाके में रहने वाली लड़की के साथ उसके ही मोहल्ले के तीन लड़कों ने छेड़खानी की थी। लड़की का आरोप है कि जब उसके भाई ने छेड़खानी का विरोध किया तो तीनों लड़कों ने उसके भाई की पिटाई की।

लड़की जिस वक्त अपना पक्ष हेड कॉन्स्टेबल को बता रही है, उसी वक्त हेड कॉन्स्टेबल आराम से कुर्सी पर बैठे-बैठे ऊंची आवाज में उससे कहता है, ‘तुम यह अंगूठी क्यों पहनती हो...? क्यों तुमने चूड़ा और नेकलेस पहना है...? इतने आइटम किसलिए पहने हुए हो...? तुम पढ़ती नहीं हो... इतने ज़ेवर पहनती हो, क्यों...? इनसे क्या लाभ मिलता है...? इससे सिर्फ यह पता चलता है, तुम क्या हो...’। इस घटना का विडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने हेड कॉन्स्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया।

लड़की के माता-पिता को भी पुलिसकर्मी ने फटकारा

जब किशोरी के माता-पिता ने बातचीत में दखल देने की कोशिश की, तो पुलिसकर्मी ने उन्हें भी फटकारा, ‘तुम नहीं देखते हो, लड़की क्या करती है...? तुम कहते हो, तुम काम पर जाते हो, लेकिन क्या काम से घर नहीं लौटते हो...?’

वीडियोवायरल होने के बाद पुलिस ने दर्ज किया मामला

पुलिस स्टेशन में हुई इस बातचीत का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की। इस वीडियो पर सोशल मीडिया पर लोगों ने काफी गुस्सा व्यक्त किया। मामले पर नाराजगी जताने वालों में प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल थीं।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad