Advertisement

त्रिवेंद्र रावत की जगह उत्तराखंड का मुख्यमंत्री कौन? आज विधायक दल की बैठक, रेस में हैं ये 6 नाम

उत्तराखंड भाजपा में तीन दिनों से चल रही राजनीतिक उठापठक के बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने...
त्रिवेंद्र रावत की जगह उत्तराखंड का मुख्यमंत्री कौन? आज विधायक दल की बैठक, रेस में हैं ये 6 नाम

उत्तराखंड भाजपा में तीन दिनों से चल रही राजनीतिक उठापठक के बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। अब उत्तराखंड मुख्यमंत्री पद के लिए माथापच्ची शुरू हो गई है। राज्य का नया मुख्यमंत्री चुनने के लिए भाजपा विधायक दल आज सुबह 10 बजे देहरादूर में बैठक करेगा। उत्तराखंड में बीजेपी की जीत के बाद साल 2017 में रावत को मुख्यमंत्री बनाया गया था।

रावत के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद उनकी जगह लेने के लिए लगभग आधा दर्जन नेताओं के नामों पर अटकलों का बाजार गर्म है। इनमें धन सिंह रावत, भगत सिंह कोश्यारी, रमेश पोखरियाल निशंक और सतपाल महाराज का नाम शामिल है।

हालांकि रावत की जगह राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस बात का निर्णय बुधवार को यहां भाजपा मुख्यालय में राज्य विधायक दल की बैठक में होगा। यह बैठक पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह की निगरानी में होगी।

सूत्रों के अनुसार राज्य के मंत्री धन सिंह रावत मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे हैं। पौड़ी जिले के पैठनी गांव के रहने वाले 48 वर्षीय रावत अपने विनम्र स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। बताया जाता है कि वह निवर्तमान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के करीबी हैं। वह 2017 में पहली बार विधायक बने।

इसके अलावा पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज को भी एक प्रमुख प्रत्याशी के तौर पर देखा जा रहा है। महाराज कांग्रेस के पूर्व नेता हैं। वह 2014 में मुख्यमंत्री पद की दौड़ में हरीश रावत से पिछड़ने के बाद भाजपा में शामिल हुए थे। महाराज पौड़ी जिले के चौबत्ताखाल से विधायक हैं। वह एक आध्यात्मिक गुरु भी हैं जिनके देशभर में प्रशंसक हैं।

इसके अलावा, केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ और महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के नाम पर भी कयास लगाए जा रहे हैं। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल बलूनी और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट का नाम भी मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में शामिल माना जा रहा है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad