Advertisement

महिला आरक्षण बिल सामान्य कानून नहीं, मोदी की गारंटी का प्रमाण है: भाजपा मुख्यालय में बोले प्रधानमंत्री

नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों से पारित होने के बाद प्रधानमंत्री...
महिला आरक्षण बिल सामान्य कानून नहीं, मोदी की गारंटी का प्रमाण है: भाजपा मुख्यालय में बोले प्रधानमंत्री

नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों से पारित होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय में एक विशेष कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम कोई सामान्य कानून नहीं है बल्कि नए भारत की लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता की घोषणा है।

पीएम मोदी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) मुख्यालय में संबोधन दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा, "नारी शक्ति वंदन अधिनियम कोई सामान्य कानून नहीं है; यह नए भारत की लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता की घोषणा है। यह महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास की मोदी की गारंटी का प्रमाण है।"

प्रधानमंत्री ने संसद के दोनों सदनों में भारी बहुमत से महिला आरक्षण विधेयक पारित होने के ऐतिहासिक कदम पर देश की सभी महिलाओं को बधाई दी। पीएम ने कहा, "आज मैं देश की सभी महिलाओं को बधाई देता हूं। कल और परसों हमने एक नया इतिहास बनते हुए देखे। यह हमारा सौभाग्य है कि करोड़ों लोगों ने हमें वह इतिहास रचने का मौका दिया।"

उन्होंने आगे कहा, "इस फैसले और इस दिन की चर्चा आने वाली कई पीढ़ियों तक होती रहेगी। संसद के दोनों सदनों में भारी बहुमत से 'नारी शक्ति वंदन कानून' पारित होने पर मैं पूरे देश को बधाई देता हूं। कभी-कभी कोई फैसला किसी देश की किस्मत बदलने की क्षमता रखता है। आज हम सभी ऐसे ही एक फैसले के गवाह बने हैं।"

पीएम मोदी ने कहा कि देश पिछले कई दशकों से जिस सपने का इंतजार कर रहा था, वह अब पूरा हो गया है। उन्होंने कहा, "नारी शक्ति वंदन अधिनियम' संसद के दोनों सदनों द्वारा रिकॉर्ड मतों से पारित किया गया है। जिस सपने का देश पिछले कई दशकों से इंतजार कर रहा था वह अब साकार हो गया है।"

उन्होंने कहा, "संसद के दोनों सदनों में इस विधेयक का पारित होना दिखाता है कि बहुमत वाली सरकार वाला देश कैसे काम कर सकता है। हमने कभी भी किसी के राजनीतिक स्वार्थ को महिला आरक्षण में बाधा नहीं बनने दिया।"

प्रधानमंत्री ने संसद में विधेयक का समर्थन करने के लिए सभी राजनीतिक दलों और सांसदों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, "आज देश माताओं-बहनों-बेटियों के सामने आने वाली हर बाधा को दूर कर रहा है। महिलाओं के लिए आरक्षण बिल की इस राह में अनेक बाधाएं थीं।"

"लेकिन जब इरादे नेक हों और प्रयासों में पारदर्शिता हो, तो हम सभी बाधाओं को पार करते हुए परिणाम देखते हैं। यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है कि इस बिल को संसद में इतना समर्थन मिला। मैं इसके लिए सभी राजनीतिक दलों और सांसदों को धन्यवाद देता हूं।"

उन्होंने कहा कि पिछले 9 वर्षों में भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने माताओं-बहनों से जुड़ी हर बंदिश को तोड़ने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा, "हमारी सरकार ने एक के बाद एक ऐसी योजनाएं बनाईं, ऐसे कार्यक्रम शुरू किए ताकि हमारी बहनों को सम्मान की जिंदगी मिल सके।"

"सुविधा, सुरक्षा और समृद्धि। हमारी भाजपा सरकार को लाखों माताओं-बहनों के सपनों को पूरा करने का सौभाग्य मिला है। इसलिए, एक पार्टी के रूप में जो राष्ट्र को पहले मानती है, भाजपा कार्यकर्ता के रूप में, जिम्मेदार नागरिक के रूप में, यह हमारे लिए गर्व की बात है।"

कार्यक्रम के दौरान बीजेपी की महिला कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी का अभिनंदन किया, जिनके सम्मान में प्रधानमंत्री ने सिर झुकाया। समारोह को संबोधित करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिल के सफल पारित होने के लिए पीएम मोदी को बधाई दी और कहा कि दूरदर्शिता, अटूट संकल्प और मजबूत इरादों के साथ प्रधानमंत्री ने 'नारी शक्ति वंदन बिल' को समय पर पारित कराया है।

उन्होंने कहा, "पीएम मोदी के नेतृत्व में ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण फैसले लिए जा रहे हैं। महिलाओं को सशक्त बनाने पर केंद्रित ये फैसले भारत के परिदृश्य और नियति में बदलाव लाएंगे।"

गौरतलब है कि महिला आरक्षण विधेयक लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की गारंटी देना चाहता है। संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण वर्षों से भाजपा सहित कई दलों का वादा रहा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad