Advertisement

मध्य प्रदेश: भाजपा के चुनावी प्रबंधन की कमान संभालेंगे नरेंद्र सिंह तोमर, नड्डा ने सौंपी जिम्मेदारी

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों की तैयारियों का बिगुल बजाते हुए भारतीय जनता पार्टी ने एक बड़ी...
मध्य प्रदेश: भाजपा के चुनावी प्रबंधन की कमान संभालेंगे नरेंद्र सिंह तोमर, नड्डा ने सौंपी जिम्मेदारी

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों की तैयारियों का बिगुल बजाते हुए भारतीय जनता पार्टी ने एक बड़ी जिम्मेदारी तो तय कर ली है। दरअसल, भाजपा ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए नरेंद्र सिंह तोमर को राज्य चुनाव प्रबंधन समिति का संयोजक नियुक्त किया है।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पत्र जारी कर उन्हें ये जिम्मेदारी सौंपी है। पत्र में कहा गया, "भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने नरेन्द्र सिंह तोमर, केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री, भारत सरकार को मध्य प्रदेश में होने वाले आगामी विधान सभा चुनाव के लिए प्रदेश चुनाव प्रबन्धन समिति का संयोजक नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।"

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में विधानसभा चुनाव, एक तरह से आगामी लोकसभा चुनाव 2024 से पहले एक रिहर्सल के रूप में भी देखे जा रहे हैं। चुनावों से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी पूर्ण रूप से सक्रिय हैं।

उन्होंने पिछले दिन ही राज्य के कर्मचारियों को बड़ी सौगात देते हुए कुछ अहम निर्णय लिए हैं। सीएम चौहान ने शुक्रवार को घोषणा की कि अब राज्य के कर्मचारियों को केंद्र के समान 42 फीसदी महंगाई भत्ता मिलेगा। बता दें कि जुलाई से ही कर्मचारी बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता पाएंगे। लाजमी है कि भाजपा इस बार किसी भी तरह का रिस्क नहीं लेना चाहेगी।

भाजपा और कांग्रेस के बीच में सीधी टक्कर का अनुमान हर कोई लगा रहा है। शीर्ष नेताओं में आरोप प्रत्यारोपों का सिलसिला भी लगातार जारी है। दोनों ही दल एक दूसरे पर टीका टिप्पणी करने से बचते नहीं दिख रहे। देखना दिलचस्प होगा कि चुनाव से पहले की जा रही तैयारियां किस पार्टी को अधिक फल देने में कामयाब रहती हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad