Advertisement

केजरीवाल ने चहेते नेता की पत्नी को बनाया महिला आयोग का अध्यक्ष

दिल्ली महिला आयोग की नई अध्यक्ष के तौर पर स्वाति मालीवाल का नाम सामने आने पर दिल्ली सरकार को आड़े हाथों लिया जा रहा है।
केजरीवाल ने चहेते नेता की पत्नी को बनाया महिला आयोग का अध्यक्ष

 

सरकार पर अपने करीबी लोगों को सरकार में जगह देने के आरोप लग रहे हैं। स्वाति आयोग की वर्तमान अध्यक्ष बरखा शुक्ला सिंह का कार्यकाल खत्म होने के बाद उनकी जगह लेंगी। गौरतलब है कि स्वाति के पति नवीन जयहिंद हरियाणा में आम आदमी पार्टी के नेता हैं। स्वाति फिलहाल दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के लिए बतौर जन शिकायत सलाहकार काम कर रही हैं।

 

तीस वर्षीय स्वाति आरटीआई कार्यकर्ता हैं और इंडिया अगेंस्ट करप्शन की कोर कमेटी की सबसे युवा सदस्य रही हैं। वह 2006 से केजरीवाल के एनजीओ परिवर्तन के साथ भी जुड़ी रही हैं। स्वाति को जब सलाहकार नियुक्त किया गया था तब भाजपा और कांग्रेस ने केजरीवाल पर अपने करीबी लोगों को सरकार में जगह देने का आरोप लगाया था। हालांकि पार्टी का कहना है कि स्वाति पार्टी की सदस्य नहीं हैं और वह आरटीआई कार्यकर्ता के तौर पर कई जगहों पर काम करती रही हैं।

 

स्वराज अभियान से जुड़े प्रशांत भूषण ने स्वाति मालीवाल को दिल्ली महिला आयोग की नई अध्यक्ष बनाए जाने की खबरों को लेकर केजरीवाल सरकार पर निशाना साधा है। उनका कहना है कि स्वाति आम आदमी पार्टी की करीबी हैं और ये सरकार भी ठीक वैसा ही कर रही है जैसा कि भाजपा और कांग्रेस की सरकारें करती रही हैं।

वहीं दिल्ली आयोग की अध्यक्ष बरखा शुक्ला सिंह ने भी स्वाति मालीवाल को दिल्ली महिला आयोग की नई अध्यक्ष बनाए जाने की खबर पर दिल्ली सरकार पर हमला बोला। उन्होंने इसे परिवारवाद बताते हुए कहा कि ऐसे पद पर किसी अनुभवी को नियुक्त करना चाहिए।

 

सामाजिक कार्यकर्ता आभा सिंह ने कहा कि  केजरीवाल अपनी परम मित्र को पद देने जा रहे हैं। कुछ दिन पहले ही उन्होने आशीष खेतान को भी बड़ा पद दिया। हम जानना चाहते हैं कि स्वाती मालिवाल ने अभी तक महिलाओं के लिए आखिर किया क्या है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad