Advertisement

लोकसभा चुनाव: सपा ने 7 उम्मीदवारों की नई सूची जारी की, बदायूँ से शिवपाल यादव की जगह बेटे को बनाया उम्मीदवार

समाजवादी पार्टी ने रविवार को उत्तर प्रदेश के लिए सात और लोकसभा चुनाव उम्मीदवारों की घोषणा की और अपने...
लोकसभा चुनाव: सपा ने 7 उम्मीदवारों की नई सूची जारी की, बदायूँ से शिवपाल यादव की जगह बेटे को बनाया उम्मीदवार

समाजवादी पार्टी ने रविवार को उत्तर प्रदेश के लिए सात और लोकसभा चुनाव उम्मीदवारों की घोषणा की और अपने बदायूँ उम्मीदवार शिवपाल यादव की जगह उनके बेटे आदित्य यादव को उम्मीदवार बनाया।

पार्टी ने एक बयान में कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली पार्टी ने सुल्तानपुर लोकसभा सीट से भी अपना उम्मीदवार बदल दिया और भीम निषाद की जगह राम भुआल निषाद को टिकट दिया। सपा की ओर से जारी सूची के मुताबिक पार्टी ने डुमरियागंज सीट से दो बार के पूर्व बसपा सांसद भीष्म शंकर 'कुशल' तिवारी को मैदान में उतारा है।

पार्टी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन में आम चुनाव लड़ रही सपा ने अब तक राज्य में 57 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है, जिसमें 80 लोकसभा सीटें हैं। कांग्रेस 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। सपा की ताजा सूची के अनुसार, श्रावस्ती से मौजूदा सांसद और पूर्व बसपा नेता राम शिरोमणि वर्मा को पार्टी ने इस सीट से मैदान में उतारा है। इसके अलावा, पूर्व विधायक लक्ष्मीनाथ उर्फ पप्पू निषाद को संत कबीर नगर लोकसभा सीट से पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है।

सपा ने बसपा प्रमुख मायावती के पूर्व करीबी बाबू सिंह कुशवाह को भी टिकट दिया है। पार्टी प्रवक्ता राजपाल कश्यप ने बताया कि उन्हें जौनपुर से सपा का उम्मीदवार बनाया गया है। सलेमपुर से बसपा के पूर्व सांसद रमाशंकर राजभर को इस चुनाव में सपा ने उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने 2009 से 2014 तक लोकसभा में सलेमपुर का प्रतिनिधित्व किया था। इसके अलावा सपा ने फूलपुर से अमरनाथ मौर्य और मछलीशहर से प्रिया सरोज को भी मैदान में उतारा है।

कश्यप ने कहा कि डुमरियागंज उम्मीदवार तिवारी 2009 से 2014 तक संत कबीर नगर से और 2007 से 2009 तक खलीलाबाद से सांसद थे। तिवारी तब बसपा में थे, और वह दिसंबर 2021 में सपा में शामिल हो गए। कुशवाह की जन अधिकार पार्टी 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भागीदारी परिवर्तन मोर्चा गठबंधन का हिस्सा थी। पार्टी चुनाव में कोई भी सीट जीतने में विफल रही।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad