Advertisement

हाथरस मामले पर गरमाई राजनीति, सीएम योगी पर बरसीं प्रियंका- इस्तीफा दो, आपके शासन में अन्याय का बोलबाला

हाथरस गैंगरेप पीड़िता की मंगलवार को मौत हो गई। जिसके बाद देर रात भारी पुलिसबल की मौजूदगी में ही परिवार...
हाथरस मामले पर गरमाई राजनीति, सीएम योगी पर बरसीं प्रियंका- इस्तीफा दो, आपके शासन में अन्याय का बोलबाला

हाथरस गैंगरेप पीड़िता की मंगलवार को मौत हो गई। जिसके बाद देर रात भारी पुलिसबल की मौजूदगी में ही परिवार की मर्जी के बिना उसका हाथरस में अंतिम संस्कार किया गया। इस मामले को राजनीति गरमा गई है। विपक्ष लगातार प्रदेश की योगी सरकार पर हमलावर है और तीखे सवाल दाग रहा है। देशभर में जगह-जगह प्रदर्शन किए जा रहे हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर भी लोग प्रशासन और पुलिस के प्रति नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं। अब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसा है और उन्हें इस्तीफा देने को कहा है।

पीड़िता की मौत के बाद अब यूपी में सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधा है। वहीं, इससे पहले समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सुप्रीमो मायावती समेत कई विपक्षी पार्टियों ने योगी सरकार को घेरा।

'योगी आदित्यनाथ इस्तीफा दो'

अपने ट्वीट में प्रियंका गांधी ने लिखा है, 'रात को 2.30 बजे परिजन गिड़गिड़ाते रहे लेकिन हाथरस की पीड़िता के शरीर को उत्तर प्रदेश प्रशासन ने जबरन जला दिया। जब वह जीवित थी तब सरकार ने उसे सुरक्षा नहीं दी। जब उस पर हमला हुआ सरकार ने समय पर इलाज नहीं दिया। पीड़िता की मृत्यु के बाद सरकार ने परिजनों से बेटी के अंतिम संस्कार का अधिकार छीना और मृतका को सम्मान तक नहीं दिया। घोर अमानवीयता। आपने अपराध रोका नहीं बल्कि अपराधियों की तरह व्यवहार किया। अत्याचार रोका नहीं, एक मासूम बच्ची और उसके परिवार पर दुगना अत्याचार किया। योगी आदित्यनाथ इस्तीफा दो। आपके शासन में न्याय नहीं, सिर्फ अन्याय का बोलबाला है।'

ये अपमानजनक और अन्यायपूर्ण है- राहुल गांधी

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को अपने ट्विटर अकाउंट के माध्यम से कहा कि भारत की एक बेटी का रेप-क़त्ल किया जाता है, तथ्य दबाए जाते हैं और अन्त में उसके परिवार से अंतिम संस्कार का हक़ भी छीन लिया जाता है। ये अपमानजनक और अन्यायपूर्ण है।

'महिलाओं की सुरक्षा का नाम-ओ-निशान नहीं'

इससे पहले पीड़िता की मौत की खबर पर प्रियंका गांधी ने कहा था, 'हाथरस में हैवानियत झेलने वाली दलित बच्ची ने सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। दो हफ्ते तक वह अस्पतालों में जिंदगी और मौत से जूझती रही। हाथरस, शाहजहांपुर और गोरखपुर में एक के बाद एक रेप की घटनाओं ने राज्य को हिला दिया है। यूपी में कानून व्यवस्था हद से ज्यादा बिगड़ चुकी है। महिलाओं की सुरक्षा का नाम-ओ-निशान नहीं है। अपराधी खुले आम अपराध कर रहे हैं। इस बच्ची के कातिलों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। योगी आदित्यनाथ उप्र की महिलाओं की सुरक्षा के प्रति आप जवाबदेह हैं।'

राहुल गांधी ने बताया जंगलराज

वहीं, मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा था, 'यूपी के 'वर्ग-विशेष' जंगलराज ने एक और युवती को मार डाला। सरकार ने कहा कि ये फेक न्यूज है और पीड़िता को मरने के लिए छोड़ दिया। ना तो ये दुर्भाग्यपूर्ण घटना फेक थी, ना ही पीड़िता की मौत और ना ही सरकार की बेरहमी।' एक अन्य ट्वीट में वीडियो शेयर करते हुए राहुल ने कहा, 'भारत की एक बेटी का रेप-कत्ल किया जाता है, तथ्य दबाए जाते हैं और अंत में उसके परिवार से अंतिम संस्कार का हक भी छीन लिया जाता है। ये अपमानजनक और अन्यायपूर्ण है।'

सकते में बॉलीवुड इंडस्ट्री

बता दें कि घटना ने बॉलीवुड इंडस्ट्री को भी सकते में ला दिया है। कंगना रनौत, स्वरा भास्कर और ऋचा चड्ढा समेत कई अभिनेत्रियों ने इस दिल दहला देने वाली घटना की निंदा की है। स्वरा भास्कर ने कहा, “हाथरस के घिनौने, दिल को दहला देने वाले सामूहिक बलात्कार की पीड़िता.. एक और निर्भया ने आज सुबह दम तोड़ दिया.. हमारी हैवानियत का कोई अंत नहीं है। हम एक बीमार अमानवीय समाज बन चुके हैं। शर्मनाक”

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad