Advertisement

यूपी में लॉ की छात्रा के लापता होने पर प्रियंका का वार, कहा- लग रहा है उन्नाव जैसा ही मामला

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा को लेकर योगी सरकार पर...
यूपी में लॉ की छात्रा के लापता होने पर प्रियंका का वार, कहा- लग रहा है उन्नाव जैसा ही मामला

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा है। इसके साथ प्रियंका ने अपने ट्विटर अकाउंट के माध्यम से एक खबर को पोस्ट करते हुए भाजपा के नेता चिन्मयानंद पर शोषण का आरोप लगाने वाली लॉ की छात्रा के गायब होने पर भी सवाल खड़े किए हैं। प्रियंका ने कहा कि ये मामला उन्नाव मामले जैसा ही दुहराव लग रहा है।  

प्रियंका ने अपने ट्विटर अकाउंट से एक ट्वीट कर योगी सरकार को निशाने पर लिया है। प्रियंका ने लिखा, 'उत्तर प्रदेश में एक दिन भी ऐसा नहीं बीतता जिस दिन भाजपा सरकार महिलाओं को ये भरोसा दिलाने में कामयाब हो कि आप सुरक्षित हैं और अगर आपके साथ कोई घटना घटती है तो आपको न्याय मिलेगा।'

'उत्तर प्रदेश में लॉ छात्रा का लापता होना उन्नाव मामले जैसा ही दुहराव लग रहा है

प्रियंका ने एक दूसरे ट्वीट में लिखा, 'उत्तर प्रदेश में ये उन्नाव मामले जैसा ही दुहराव लग रहा है। अगर कोई महिला बीजेपी नेता के खिलाफ शिकायत करती है, तो उसको न्याय मिलना तो दूर की बात, उसकी खुद की सुरक्षा की भी गारंटी नहीं रहती।'

आवाज उठाने वाली लड़की लापता है या कर दी गई है

वहीं, अपने तीसरे और आखिरी ट्वीट में प्रियंका ने लिखा, ‘आवाज उठाने वाली लड़की लापता है या कर दी गई है। उसके साथ क्या हो रहा है कोई नहीं जानता। आखिर ये कब तक चलेगा?’ इस ट्वीट के साथ प्रियंका ने एक खबर का भी जिक्र किया है। जिसकी टैगलाइन है, 'पूर्व बीजेपी सांसद चिन्मयानंद के खिलाफ एफआईआर दर्ज, शोषण का आरोप लगाने वाली लड़की के गायब होने का है मामला।'

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर का है मामला

प्रियंका ने जिस मामले को लेकर ट्वीट किया है वो उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर का है। शाहजहांपुर में लॉ कॉलेज की एक छात्रा का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में छात्रा कॉलेज के डायरेक्टर और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री स्वामी चिन्मयानंद पर शारीरिक शोषण, डराने-धमकाने जैसे गंभीर आरोप लगा रही है। छात्रा ने अपने परिवार पर जान को खतरा बताया है। 24 अगस्त को सोशल मीडिया पर शारीरिक शोषण से संबंधित वीडियो डालने के बाद से छात्रा गायब है।

चिन्मयानंद के खिलाफ एफआईआर दर्ज

इस मामले को लेकर विवाद बढ़ने के बाद चिन्मयानंद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक एस चन्नप्पा का कहना है, 'पूर्व केंन्द्रीय मंत्री चिन्मयानंद के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 364 (हत्या करने के लिए अपहरण करना) और 506 (धमकाने) के तहत शाहजहांपुर में मुकदमा दर्ज किया गया है।'

योगी सरकार को निशाने पर लेती रही हैं प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने पहले भी कई मुद्दों पर योगी सरकार को निशाने पर लिया है। इस पहले उन्होंने उन्नाव मामले को लेकर ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था कि उन्नाव बलात्कार मामला व पीड़िता के पूरे परिवार को प्रताड़ित करना सत्ता के सरंक्षण के बिना सम्भव नहीं। अब परतें खुल रही हैं व भाजपा नेताओं के नाम और पुलिस की लीपापोती सामने आ रही है। कांग्रेस न्याय के लिए प्रतिबद्ध है। ये लड़ाई हम मजबूती से लड़ेंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad