Advertisement

पंजाबः अरविंद केजरीवाल का सीएम चन्नी पर तंज, कहा- दुनिया के इतिहास में पहले मुख्यमंत्री, जो बाथरूम में भी करते हैं मुलाकात

पंजाब विधानसभा चुनाव का सियासी माहौल गरमाता जा रहा है।  सभी पार्टियां एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप...
पंजाबः अरविंद केजरीवाल का सीएम चन्नी पर तंज, कहा- दुनिया के इतिहास में पहले मुख्यमंत्री, जो बाथरूम में भी करते हैं मुलाकात

पंजाब विधानसभा चुनाव का सियासी माहौल गरमाता जा रहा है।  सभी पार्टियां एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रही हैं और तंज कस रही हैं। प्रकाश सिंह बादल के गढ़ माने जाने वाले मुक्तसर जिले में रैली को संबोधित करते हुए गुरुवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दुनिया के इतिहास में पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ऐसे मुख्यमंत्री होंगे, जो लोगों से बाथरूम में भी मिलते हैं।

केजरीवाल ने कहा कि मैं टीवी में चन्नी साहिब का इंटरव्यू सुन रहा था। इंटरव्यू में वे कहते हैं कि मैं 24 घंटे जनता से मिलता रहता हूं। मेरे ड्राइंग रूम, बरामदे में लोग बैठे रहते हैं, बाथरूम में जाता हूं वहां मेरे साथ लोग आते हैं और मैं वहां भी लोगों से मिलता रहता हूं। उन्होंने चन्नी के इस बयान पर तंज कसते हुए कहा कि दुनिया के इतिहास में पहला सीएम होगा जो बाथरूम में भी लोगों से मिलता रहता है। 

गुरुवार को आम आदमी पार्टी की चुनावी रैली में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निशाने पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के पैतृक हलका लंबी के गांव खुडिड्यां में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ही रहे। बादल के गढ़ में केजरीवाल ने बादल परिवार के खिलाफ कुछ नहीं कहा। चन्नी पर खूब व्यंग्य भी कसे।

सीएम केजरीवाल ने कहा कि 1966 में पंजाब बना था। पहले पंजाब और हरियाणा एक ही सूबा होते थे। तबसे अब तक 25 वर्ष कांग्रेस ने राज्य किया। 19 वर्ष शिअद ने राज किया। वे सिर्फ पांच वर्ष मांगते हैं। अगर आप की सरकार पसंद न आए तो अगली बार हटा देना। कांग्रेस व शिअद ने इतने वर्षों में कुछ नहीं किया तो अगले पांच वर्षों में ये क्या करेंगे। पंजाब के लोग खुद सोचें दिल्ली के लोग लगातार बार-बार दिल्ली में आप की सरकार क्यों बनाते हैं क्योंकि वहां विकास हुआ है। एक बार पंजाब के लोग भी मौका दो तो गारंटी है कि आगे से सभी पार्टियों को भूल जाओगे। 

केजरीवाल ने कहा कि चन्नी ने कांग्रेस का बिल्कुल मजाक बना दिया। कांग्रेस सर्कस बन गई है। सिद्धू की चन्नी से नहीं बनती। चन्नी की जाखड़ से नहीं बनती। जाखड़ की प्रताप बाजवा से नहीं बनती, प्रताप की फतेहजंग बाजवा से नहीं बनती। कैबिनेट मीटिंग में सभी कांग्रेसी मुक्कम-मुक्का हो जाते हैं। ऐसे में कैसे पंजाब कांग्रेस लोगों का भविष्य सुधारेगी। पंजाब की सबसे भ्रष्ट सरकार कांग्रेस है। इन्हें पता है कांग्रेस सरकार जाने वाली है तो सभी ऊपर से नीचे लेकर कमाने में लगे हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में कैप्टन ने खूब झूठे वादे किए। मगर एक भी वादा पूरा न किया। कांग्रेस को लगने लगा कैप्टन हार जाएंगे तो तीन माह पहले चन्नी को मुख्यमंत्री बना दिया। चन्नी ने भी नए-नए एलान करने शुरू कर दिए हैं। भारत के इतिहास में इससे बड़ी नौटंकीबाज सरकार आज तक नहीं देखी। 

फ्री बिजली समेत कई अन्य सुविधाओं के ऐलान को लेकर अरविंद केजरीवाल ने सीएम चन्नी पर नकल करनेका आरोप लगाया था। इस बार पंजाब में अरविंद केजरीवाल की पार्टी आप का इरादा ज्यादा से ज्यादा सीटों को जीतने का है। पिछले विधानसभा चुनाव में आप को 20 सीटों पर जीत मिली थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad