Advertisement

आप विधायक अमानतुल्लाह के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज

दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) को एक और झटका लगा है। पार्टी के ओखला से विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ उनके साले की पत्नी ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। मामला दर्ज होने के कारण खान को दिल्ली के वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देना पड़ा है।
आप विधायक अमानतुल्लाह के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज

दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और उसके विधायकों का रोज नए मामलों में फंसने का सिलसिला जारी है। ताजा मामले में ओखला से आप विधायक और दिल्ली वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष अमानतुल्लाह खान पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है। यह आरोप खुद विधायक के साले की पत्नी ने उनपर लगाया है। महिला की शिकायत पर जामिया नगर थाना में अमानतुल्लाह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने जामिया नगर पुलिस थाने में जाकर आरोप लगाया कि खान ने उस पर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने अपने पति पर भी दहेज की मांग करने और उस पर खान के साथ शारीरिक रूप से अंतरंग होने का दबाव बनाया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि खान और महिला के पति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 354 ए (यौन उत्पीड़न), 506 (आपराधिक धमकी देने), 509 (महिला के शील के अपमान की मंशा वाले शब्द, भाव या कृत्य), 120 बी (आपराधिक षड़यंत्र0 और 498ए (महिला के पति या पति के संबंधी द्वारा उसके साथ क्रूरता करने) के तहत मामला दर्ज किया गया है। हाल ही में दिल्ली के पूर्व मंत्री और आप विधायक संदीप कुमार की एक महिला के साथ एक अश्लील सीडी के सामने आने के बाद आप ने उन्हें निलंबित किया था। महिला ने जेल में बंद कुमार के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कराया है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad