Advertisement

उत्तर प्रदेश: भाजपा ने लगाई मुलायम के कुनबे में सेंध, जानें क्या है प्लान

समाजवादी पार्टी (सपा) कुनबे में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने सेंधमारी कर दी है। दरअसल, पूर्व...
उत्तर प्रदेश: भाजपा ने लगाई मुलायम के कुनबे में सेंध, जानें क्या है प्लान

समाजवादी पार्टी (सपा) कुनबे में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने सेंधमारी कर दी है। दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की भतीजी संध्या यादव को भाजपा ने जिला पंचायत का टिकट दिया है। उन्हें घिरोर के वार्ड नंबर 18 से जिला पंचायत सदस्य पद का उम्मीदवार बनाया गया है। संध्या यादव, पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव की बहन हैं और निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष हैं।

संध्या यादव पिछली बार सपा से जिला पंचायत अध्यक्ष भी जीती थीं, मगर कहा जाता है कि सपा के सदर विधायक के इशारे पर इनके विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था, मगर बीजेपी ने अविश्वास प्रस्ताव पर इनकी सहायता की थी। बता दें कि संध्या यादव के पति पहले ही भाजपा में शामिल हो चुके हैं और अब भाजपा ने संध्या यादव को टिकट दिया है।


संध्या यादव 2015 में मैनपुरी की जिला पंचायत अध्यक्ष बनी थीं। उसके बाद जुलाई 2017 में समाजवादी पार्टी (सपा) ने ही उनके विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव पेश कर दिया। इसके पीछे संध्या यादव के पति अनुजेश प्रताप यादव की ओर से फिरोजाबाद में बीजेपी का समर्थन करने की वजह बताई जाती रही है।

बाद में वह भाजपा के साथ जोड़ तोड़कर जिला पंचायत अध्यक्ष अपनी कुर्सी बचा ले गई थीं। इसके बाद से ही वह बीजेपी के करीब हो गईं और अपना 5 साल का कार्यकाल पूरा किया। अब भाजपा ने संध्या यादव को जिला पंचायत सदस्य का प्रत्याशी बनाया है। यदि वह जीत जाती हैं तो आने वाले समय में जिला पंचायत अध्यक्ष की मजबूत दावेदार बन सकती हैं। माना जा रहा है कि संध्या यादव को भाजपा के साथ ही सपा के कुछ सदस्यों का साथ मिल सकता है। इस वजह से भाजपा ने संध्या यादव पर दांव चला है।

बता दें कि समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव का रुख भी कई मौकों पर भारतीय जनता पार्टी की ओर देखा गया है। बीते कुछ वर्षों में उन्होंने कई ऐसे बयान दिए हैं, जिससे माना जाने लगा कि वह भाजपा ज्वाइन कर सकती हैं। हालांकि अब तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।



अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad