Advertisement

ममता की शागिर्दी में खेल नीतियां बनाएंगे क्रिकेटर लक्ष्मीरतन

चंद दिन पहले तक क्रिकेट के मैदान में चौके-छक्के लगाने वाले लक्ष्मी रतन शुक्ला अब खेल मंत्रालय में अपने जौहर दिखाएंगे। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस पूर्व क्रिकेटर को खेल एवं युवा मामलों का मंत्री बनाया है। हावड़ा उत्तर विधानसभा सीट से चुने गये शुक्ला को राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया है। ममता मंत्रिमंडल में वह सबसे मंत्री हैं। खेल मंत्री बनने वाले वे देश के पहले खिलाड़ी बताए जा रहे हैं। ममता बनर्जी ने शुक्ला को खेल मंत्रालय सौंपकर न सिर्फ नई शुरुआत की है बल्कि अन्य राजनीतिक दलों को भी संदेश दे दिया है। यह बात अकसर उठती रही है कि खेल संघों और खेल मंत्रालय के शीर्ष पदों पर ऐसे व्यक्ति काबिज रहते हैं जो खेल के बारे में कुछ नहीं जानते। उम्मीद की जा रही है कि खेल मंत्रालय में लक्ष्मी रतन शुक्ला के आने से राज्य में खेलों के विकास को बढ़ावा मिलेगा।
ममता की शागिर्दी में खेल नीतियां बनाएंगे क्रिकेटर लक्ष्मीरतन

कुछ समय पहले तक किसी ने सोचा भी नहीं था कि राजनीति के मैदान में लक्ष्मी रतन शुक्ला इतनी लंबी छलांग लगा देंगे। भारत के लिए वनडे क्रिकेट खेल चुके लक्ष्मी रतन शुक्ला ने छह माह पहले क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। ममता बनर्जी ने उन्हें हावड़ा उत्तर से चुनाव लड़ने को कहा। चुनाव में शुक्ला ने भाजपा की रूपा गांगुली और कांग्रेस के संतोष कुमार पाठक पर न सिर्फ बड़ी जीत दर्ज की, बल्कि ममता मंत्रिमंडल में भी स्थान पा गये। बेहद प्रतिभाशाली होने के बावजूद ऐसी सफलता तो उन्हें क्रिकेट के मैदान में भी नहीं मिल पाई थी। अंडर 19 क्रिकेट में अच्छे प्रदर्शन के बल पर 1999 में वे भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाने में कामयाब रहे, लेकिन तीन वनडे मैच खेलने के बाद भी स्थान पक्का नहीं कर पाए। बाद में घरेलू क्रिकेट में अच्छे प्रदर्शन के बाद उन्हें फिर कोई मौका क्यों नहीं मिल पाया, अब उन सब बातों को वे याद नहीं रखना चाहते। वे कहते हैं- ‘अपनी दूसरी पारी में मैं नई शुरुआत कर रहा हूं और लोगों के कल्याण के लिए काम करना चाहता हूं।’ लक्ष्मी रतन शुक्ला मानते हैं कि क्रिकेट टीम की कप्तानी मंत्रीपद की जिम्मेदारी दोनों में फर्क है। वे कहते हैं-‘बेशक मंत्री पद ज्यादा चुनौती पूर्ण है लेकिन मैं आश्वस्त हूं।’

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad