Advertisement

भारत के पूर्व कप्तान और महान स्पिनर बिशन सिंह बेदी का निधन

क्रिकेट जगत के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और महान स्पिनर बिशन सिंह बेदी का...
भारत के पूर्व कप्तान और महान स्पिनर बिशन सिंह बेदी का निधन

क्रिकेट जगत के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और महान स्पिनर बिशन सिंह बेदी का निधन हो गया है। उन्होंने 77 साल की आयु में अंतिम सांस ली। भारत के खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने बिशन सिंह बेदी के निधन का समाचार देते हुए शोक व्यक्त किया है।

केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, "भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान बिशन सिंह बेदी नहीं रहे। यह क्रिकेट के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उनके परिवार से मैं यही कहूंगा कि इस दुख की घड़ी में क्रिकेट जगत उनके साथ है। उनका बतौर खिलाड़ी और बतौर प्रशिक्षक खेल पर बड़ा प्रभाव रहा है।"

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, "महान स्पिनर और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान बिशन सिंह बेदी जी के निधन से गहरा दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार के सदस्यों और उनके प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।"

रिपोर्ट्स की मानें तो वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। बता दें कि वह लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट के कप्तान रहे। उन्हें दुनिया के धाकड़ स्पिनरों में गिना जाता है। सोशल मीडिया पर भी क्रिकेट फैंस शोक व्यक्त कर रहे हैं। 

बिशन सिंह बेदी ने भारत के लिए 1966 में टेस्ट डेब्यू किया। उन्होंने 1979 में संन्यास लिया। इस बीच बिशन सिंह बेदी ने 67 टेस्ट मैच खेले और 28.71 के शानदार औसत से 266 विकेट हासिल किए। उन्होंने 10 एकदिवसीय मुकाबले भी खेले। क्रिकेट से बतौर खिलाड़ी सन्यास लेने के बाद बिशन सिंह बेदी बतौर कोच सक्रिय रहे। उनका दिल्ली और पंजाब से गहरा नाता रहा। उन्होंने नए खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में अहम रोल अदा किया। आज उनके निधन से क्रिकेट जगत में शोक की लहर है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad