Advertisement

मेसी छठी बार बने फीफा के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर ऑफ द ईयर, रोनाल्डो और वान को पछाड़ा

अर्जेंटीना और बार्सिलोना के स्टार फुटबॉलर लियोनल मेसी ने सोमवार को अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पुर्तगाल...
मेसी छठी बार बने फीफा के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर ऑफ द ईयर, रोनाल्डो और वान को पछाड़ा

अर्जेंटीना और बार्सिलोना के स्टार फुटबॉलर लियोनल मेसी ने सोमवार को अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पुर्तगाल और जुवेंटस के क्रिस्टियानो रोनाल्डो को पछाड़कर रिकॉर्ड छठी बार फीफा के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर ऑफ द ईयर खिताब जीत लिया। खिताब की दौड़ में इन दोनों के अलावा नीदरलैंड और लिवरपूल फुटबॉलर वर्जिल वान दिक भी थे।

आखिरी बार 2015 में जीता था खिताब

मेसी इससे पहले 2009, 2010, 2011, 2012 और 2015 में यह पुरस्कार जीत चुके हैं। पिछली बार क्रोएशिया के लुका मॉड्रिच ने यह पुरस्कार जीतकर मेसी और रोनाल्डो के पिछले दस साल से चले आ रहे वर्चस्व को तोड़ा था। पर इस बार वह शीर्ष तीन में जगह नहीं बना सके। रोनाल्डो ने पांच बार यह पुरस्कार जीता है।

मेसी ने 54 गोल दागे

मेसी के लिए यह साल काफी बेहतरीन रहा। उन्होंने बार्सिलोना को ‘ला लिगा’ खिताब जिताया। वहीं चैम्पियंस लीग में भी टीम ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। 2018-19 के सीजन में मेसी ने देश और क्लब के लिए कुल 58 गेम्स खेले। इस दौरान उन्होंने 54 गोल दागे, जबकि रोनाल्डो ने इस दौरान 47 मैच खेले और 31 गोल किए।

वान दिक ने पिछले महीने साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीता

वान दिक ने पिछले महीने ही मेसी और रोनाल्डो को पछाड़कर यूएफा के साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीता था। वह यह पुरस्कार पाने वाले पहले डिफेंडर बने थे। लिवरपूल ने मई में टॉटेनहम को हराकर यूरोपियन खिताब जीता था।

मेगन रैपिनो बनी सर्वश्रेष्ठ महिला फुटबॉलर

लिवरपूल के बॉस जुर्गेन क्लॉप ने फीफा के सर्वश्रेष्ठ कोच का पुरस्कार जीता। क्लॉप के मार्गदर्शन ने लिवरपूल ने टॉटेनहम को 2-0 से हराकर 15 साल बाद चैंपियंस लीग का खिताब जीता था। क्लॉप ने मैनचेस्टर सिटी के पेप गार्डियोला और टॉटेनहम के मौरिसियो को पछाड़कर यह पुरस्कार जीता। लिवरपूल के एलिसन ने सिटी के एंडरसन और बार्सिलोना के मार्क आंद्रे टेर को पछाड़कर सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार जीता। अमेरिका की मेगन रैपिनो को सर्वश्रेष्ठ महिला फुटबॉलर का खिताब दिया गया।

लुका मॉड्रिच और एडेन हजार्ड फीफा फीफप्रो मेन्स टीम ऑफ द इयर में

फीफा फीफप्रो मेन्स टीम ऑफ द इयर में बार्सिलोना के मेसी, युवेंट्स के रोनाल्डो और पीएसजी के किलियन एमबाप्पे को फॉरवर्ड खिलाड़ियों के तौर पर जगह दी गई। इसके अलावा एलिसन को टीम का गोलकीपर बनाया गया। सबसे ज्यादा चार खिलाड़ी रियाल मैड्रिड क्लब से रखे गए। 2018 का बैलन डी ऑर अवॉर्ड जीतने वाले रियाल मैड्रिड के लुका मॉड्रिच और एडेन हजार्ड को मिडफील्डर के तौर पर टीम में रखा गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad