Advertisement

वाल्थेरस मारिजन भारतीय पुरुष हॉकी टीम के चीफ कोच नियुक्त

खेल मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ ने शुक्रवार को अपने ट्विटर अकाउंट पर इसकी घोषणा की। मारिजन की नियुक्ति हाल ही में खराब प्रदर्शन के चलते रोलैंट ऑल्टमैंस को हॉकी इंडिया द्वारा कोच पद से बर्खास्त किए जाने के बाद की गई है।
वाल्थेरस मारिजन भारतीय पुरुष हॉकी टीम के चीफ कोच नियुक्त

भारतीय सीनियर महिला हॉकी टीम के मौजूदा चीफ कोच वाल्थेरस मारिजन को पुरुष हॉकी टीम का चीफ कोच नियुक्त किया गया है। खेल मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ ने शुक्रवार को अपने ट्विटर अकाउंट पर इसकी घोषणा की। बता दें कि हाल ही में खराब प्रदर्शन के चलते रोलैंट ऑल्टमैंस को भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कोच पद से बर्खास्त कर दिया गया था।

खेल मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ ने ट्वीट कर बताया कि भारतीय सीनियर महिला हॉकी टीम के चीफ कोच वाल्थेरस मारिजन अब भारतीय पुरुष हॉकी टीम के चीफ कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे। साथ ही खेल मंत्री ने एक अन्य ट्वीट करके जानकारी दी कि द्रोणाचार्य अवॉर्ड विजेता हरेन्द्र सिंह को भारतीय सीनियर महिला हॉकी टीम का हाई परफॉरमेंस विशेषज्ञ कोच नियुक्त किया गया है।

गौरतलब है कि मारिजन फिलहाल महिला टीम के साथ यूरोप के दौरे पर हैं और वह 20 सितंबर को पुरुष हॉकी टीम का चीफ कोच का प्रभारी संभालेंगे। वहीं विश्व विजेता जूनियर टीम के कोच हरेन्‍द्र कल से ही महिला हॉकी टीम के हाई परफॉरमेंस विशेषज्ञ कोच का जिम्मा संभालेंगे। एक शीर्ष हॉकी इंडिया के अधिकारी के अनुसार, मारिजन और हरेन्‍द्र को 2020 टोक्यो ओलंपिक तक का कार्यकाल दिया गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad