बॉलीवुड सच में जादू जानता है! कोई नायिका आती है, तो अलग दिखती है और जब वह सफलता के पायदान चढ़ने लगती है, तब बिलकुल बदल जाती है। चपटी नाक सुतवां हो जाती है, पतले होंठ फूल जाते हैं, गाल पिचके हैं, तो भर जाते हैं। यानी चेहरे की सुंदरता के लिए जो-जो जरूरी है, उसके चेहरे में वह सब दिखाई देने लगता है। उसका चेहरा-मोहरा ईश्वर नहीं, उसके अपने भगवान ‘प्लास्टिक सर्जन’ गढ़ते हैं। इसमें लाखों खर्च होते हैं या करोड़ों इसकी परवाह किसे है।
अगर परदे पर सबके तसव्वुर में रहना है, तो खूबसूरत दिखने की कोई कीमत नहीं। प्रियंका चोपड़ा ने अंदाज फिल्म से जब इस उद्योग में कदम रखा था तबके उनके चेहरे और आज के चेहरे में जमीन आसमान का फर्क है। प्रियंका जब हंसती थीं, तब उनके ऊपर का मसूढ़ा बहुत ज्यादा दिखता था। कई सर्जरियों के बाद अब वे ‘परफेक्ट’ हैं और बढ़ती उम्र में शोख अदाएं चेहरे पर दौड़ती हैं। कुछ दूसरी अभिनेत्रियां भी अपना चेहरा-मोहरा सजीला बनवा चुकी हैं। कुछ मिसालेंः
अनुष्का शर्मा:
फिल्म बॉम्बे वेलवेट के प्रमोशन के दौरान यह चर्चा चली कि अनुष्का शर्मा ने लिप एन्हांसमेंट कराया है। इस दौरान उनके होंठ भरे हुए दिख रहे थे। शुरुआत में उन्होंने इससे इनकार किया, लेकिन 2016 के एक इंटरव्यू में उन्होंने अंततः स्वीकार किया और कहा, "मैं भी इंसान हूं, मुझमें भी कमियां हैं। हां, मैंने फिल्म के लिए लिप ट्रीटमेंट कराया था।"
शिल्पा शेट्टी:
शिल्पा शेट्टी की शुरुआती फिल्मों को देखें तो उनमें उनकी नाक थोड़ी चपटी दिखती थी। लेकिन अब उनकी नाक का वह आकार कहीं नजर नहीं आता। उनकी नाक अब नुकीली हो गई है। उन्होंने इसके लिए सर्जरी का सहारा लिया और इसे खुलकर स्वीकार भी किया।
प्रियंका चोपड़ा: फिल्मों में आने से पहले 'देसी गर्ल' प्रियंका चोपड़ा की नाक का आगे का हिस्सा थोड़ा गोल था। लेकिन फिल्म अंदाज के दौरान उन्होंने नाक की सर्जरी कराई और इसके बाद उनकी नाक शार्प दिखने लगी। इस छोटे-से बदलाव से उनका पूरा चेहरा ही बदल गया।
सारा अली खान: सारा अली खान फिल्मी दुनिया में अभी नई हैं और उन्हें सुंदर दिखने के दबाव का सामना करना पड़ा। हमेशा मस्तमौला अंदाज में दिखने वाली सारा ने खुद स्वीकार किया कि उन्होंने एक फिल्म के दौरान फिलर का सहारा लिया था। हालांकि, इसका उन्हें अफसोस भी है।
अदिति राव हैदरी: अब अदिति राव हैदरी को ही लीजिए। उन्होंने भी सर्जरी और फिलर के जरिए अपने चेहरे के आकार को बदल दिया है। उनकी जॉ-लाइन इतनी सख्त हो गई है कि खुल कर हंस नहीं पातीं। उनके होंठ बहुत कम खुलते हैं।
राखी सावंत:
राखी सावंत ऐसी अभिनेत्री हैं जिन्होंने यह स्वीकार किया है कि फिल्मों में आने के लिए उन्होंने कई सर्जरी करवाई हैं। उन्होंने नाक, होंठ और स्तनों के साथ-साथ माथे के आकार को भी बदला है।
70% तक ब्यूटी ट्रीटमेंट भारत में यूरोपीय देशों की तुलना में सस्ते हैं
74% ‘जेन जी’ भारतीय सुबह-शाम स्किनकेयर रुटीन का पालन करती है, जिसमें तरह-तरह के प्रसाधन होते हैं
62% लड़कियों का फिल्टर इस्तेमाल के बाद आत्म-विश्वास डिग गया है, मुंबई विश्वविद्यालय के अध्ययन के मुताबिक