Advertisement
19 अगस्त 2024 · AUG 19 , 2024

ओलंपिकः उम्मीदों का आगाज

पेरिस ओलंपिक ने अनोखे उद्घाटन से ही दिलचस्पी और उम्मीदें जगाई, वैसे कुछ नामचीन खिलाड़ियों की शायद आखिरी पारी के लिए भी यह हो सकता है यादगार
पेरिस ओलंपिक का रंगारंग आगाज

इन दिनों सारी दुनिया की निगाहें पेरिस ओलंपिक पर हैं। उसके अनोखे रंगारंग उद्घाटन और मनु भाकर की 10 मी. एयर पिस्टल में कांस्य पदक से भारतीय पदक-सूची का प्रारंभ भी देश के खेलप्रेमियों की उम्मीदों में उछाल पैदा कर गया। मनु इस स्पर्धा में भारत की महिला खिलाड़ी हैं। बेशक, ओलंपिक और पैरालंपिक खेल फ्रांस में अब तक का सबसे बड़ा आयोजन है। इस चकाचौंध और पदकों की होड़ के बीच निराशा का भी थोड़ा-सा अंश जुड़ने वाला है, क्योंकि कई दिग्गज खिलाड़ी विदाई का इशारा कर चुके हैं। कई खेल को उन खिलाड़ियों ने ही अलग मुकाम दिलाया है। मसलन, सिमोन बाइल्स और लेब्रोन जेम्स के अलावा भारत के पी.आर श्रीजेश उन एथलीटों की सूची में सबसे आगे हैं, जो शायद अपने अंतिम ओलंपिक में भाग ले रहे हैं। एंडी मरे भी पेरिस के बाद संन्यास ले लेंगे। राफेल नडाल भी टेनिस को अलविदा कह सकते हैं। देखा जाए, तो लीजेंड्स की सूची में आने वाले इन खिलाड़ियों की विदाई के लिए इससे अच्छा मंच नहीं हो सकता। कुछ शीर्ष प्रतियोगियों पर एक नजर, जो फ्रांस की राजधानी में ओलंपिक में या उसके बाद खेल को अलविदा कहने वाले हैं।

निशानेबाजी में पहला कांस्य पदक जीतने वाली मनु भाकर

निशानेबाजी में पहला कांस्य पदक जीतने वाली भारत की मनु भाकर

दिग्गजों की विदाई

लेब्रोन जेम्स (बास्केटबॉल)

लेब्रोन जेम्स

39 वर्ष की उम्र में, तीन अलग-अलग दशकों में ओलंपिक में प्रतिस्पर्धा करने वाले जेम्स पहले अमेरिकी पुरुष बास्केटबॉल खिलाड़ी बनने वाले हैं। वह अपने करियर के किस पड़ाव पर हैं, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जेम्स और अमेरिकी टीम ने जब लास वेगास में अपना ओलंपिक प्रशिक्षण शिविर खोला, तो उनके बेटे ब्रॉनी कैलिफोर्निया क्लासिक समर लीग में लॉस एंजिल्स लेकर्स के लिए अपना प्रोफेशनल डेब्यू कर रहे थे।

पीआर श्रीजेश (हॉकी)

पी आर श्रीजेश

भारत के अनुभवी हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने पुष्टि की कि पेरिस 2024 उनका आखिरी ओलंपिक होगा। आपको याद होगा कि उन्होंने टोक्यो में भारत को ऐतिहासिक पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। 328 राष्ट्रीय प्रदर्शनों के बाद, पीआर श्रीजेश आखिरी बार पेरिस 2024 में भारत के लक्ष्य का बचाव करेंगे, जिससे उनका शानदार करियर विराम लेगा।

एंडी मरे (टेनिस)

एंडी मरे

विंबलडन से यादगार विदाई का एंडी मरे का सपना, सपना ही रह गया। हालांकि, अब ब्रिटिश खिलाड़ी ने ओलंपिक टेनिस प्रतियोगिता में बेहतर परिणाम की उम्मीद में पूरी तरह कमर कस ली है। बता दें कि पेरिस ओलंपिक मरे का पांचवां ओलंपिक होगा। इससे पहले वह 2012 और 2016 में लगातार एकल स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। मरे ने संकेत भी दिया है कि वह ओलंपिक के बाद अपने करियर से रिटायर होने की योजना बना रहे हैं।

सारा फ्रेड्रिका सोस्ट्रोम (तैराकी)

सारा फ्रेडिका सोस्ट्रोम

30 साल की उम्र में स्वीडिश तैराकी की स्टार खिलाड़ी सोस्ट्रोम अपने पांचवें ओलंपिक में हिस्सा लेंगी। ओलंपिक में चार पदक जीतने वाली सोस्ट्रोम पेरिस के लिए एक व्यक्तिगत स्पर्धा पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं। वह 50 मीटर फ्रीस्टाइल में भाग लेंगी, एक ऐसा इवेंट जिसमें उनका विश्व रिकॉर्ड है। साथ ही वह तीन रिले भी होंगी। गौरतलब है कि सोस्ट्रोम ने 2008 में 14 साल की उम्र में बीजिंग में ओलंपिक में पदार्पण किया था।

एंजेलिक कर्बर (टेनिस)

एंजेलिक कर्बर

तीन बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन और रियो ओलंपिक की रजत पदक विजेता एंजेलिक कर्बर पेरिस ओलंपिक के बाद टेनिस से संन्यास ले लेंगी। पूर्व विश्व नंबर एक 36 वर्षीय केर्बर 2016 में रियो में एकल फाइनल में प्यूर्टो रिकोन मोनिका पुइग से उपविजेता रही थीं और उसी वर्ष उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन और अमेरिकी ओपन खिताब जीते थे। दो साल बाद उन्होंने विंबलडन का ताज भी अपनी ट्रॉफी कैबिनेट में शामिल कर लिया।

लिडिया विलियम्स (फुटबॉल)

लिडिया विलियम्स

ऑस्ट्रेलिया की दो बार की फुटबॉल ओलंपियन लिडिया विलियम्स आगामी ओलंपिक खेल पेरिस 2024 के बाद संन्यास ले लेंगी। 35 वर्षीय खिलाड़ी ने रियो 2016 और टोक्यो 2020 ओलंपिक के अलावा पांच फीफा महिला विश्व कप टूर्नामेंट में भी हिस्सा लिया है। उन्होंने 2005 में 15 वर्ष की आयु में ऑस्ट्रेलिया के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। ऑस्ट्रेलियाई राष्ट्रीय टीम में उनका 19 वर्ष का करियर अब तक का सबसे लंबा करियर है।

टॉम डेली (गोताखोर)

टॉम डेली

डेली 2008 में 14 साल की उम्र में ब्रिटेन के सबसे युवा एथलीट थे। तीन साल पहले टोक्यो में उन्होंने अपने जोड़ीदार मैटी ली के साथ 10 मीटर सिंक्रोनाइज्ड स्पर्धा में अपना पहला ओलंपिक स्वर्ण जीता था और अब वह पांचवें ओलंपिक के लिए वापस आए हैं।

जियानमार्को टैम्बरी (हाई जंप)

जियानमार्को टैम्बरी

ट्रैक ऐंड फील्ड के सबसे बड़े शोमैन में से एक, इतालवी हाई जम्पर ताम्बेरी टोक्यो में अपने अच्छे मित्र मुताज बार्शिम के साथ साझा किए गए स्वर्ण पदक को बचाकर शीर्ष पर पहुंचना चाहते हैं। ताम्बेरी और बार्शिम दोनों ने संकेत दिया है कि यह उनका अंतिम ओलंपिक होगा।

सिमोन एरियन बाइल्स (जिम्नास्टिक)

सिमोन बाइल्स

27 वर्ष की उम्र में बाइल्स 1950 के दशक के बाद से ओलंपिक जिम्नास्टिक टीम में शामिल होने वाली सबसे उम्रदराज अमेरिकी महिला हैं। पिछले साल गर्मियों में दो साल के ब्रेक के बाद वापस लौटीं बाइल्स जब बर्सी एरिना में प्रतियोगिता में उतरेंगी, तो वह अपने करियर के सात ओलंपिक पदकों में चार स्वर्ण पदक जोड़ सकती हैं।

राफेल नडाल (टेनिस)

राफेल नडाल

एंडी मरे से इतर नडाल की स्थिति उतनी स्पष्ट नहीं है। लेकिन इस महान खिलाड़ी के लिए उस जगह पर ओलंपिक खेलना विशेष होगा, जहां उन्होंने 14 फ्रेंच ओपन जीते हैं। कोर्ट फिलिप चैट्रियर के बाहर उनकी प्रतिमा लगी हुई है। नडाल ने एकल (2008 में) और युगल (2016 में) दोनों में ओलंपिक स्वर्ण जीता है और वह पेरिस में युगल के लिए कार्लोस अल्काराज़ के साथ जोड़ी बनाएंगे।

टेडी रेनर (जूडो)

टेडी रेनर

फ्रांसीसी हेवीवेट रिनर मेजबान फ्रांस की शीर्ष पदक उम्मीदों में से एक है। वह तीन स्वर्ण सहित पांच ओलंपिक पदकों की अपनी सूची में एक और पदक जोड़ना चाहता है। बता दें कि उन्होंने विश्व चैंपियनशिप में रिकॉर्ड 11 स्वर्ण पदक भी जीते हैं।

शेली-एन फ्रेजर-प्राइस (दौड़)

शैली एन फ्रेजर

जमैका की धाविका फ्रेजर-प्राइस ने घोषणा की है कि पेरिस उनका पांचवां और अंतिम ओलंपिक होगा। 37 वर्षीय फ्रेजर-प्राइस, जिन्होंने आठ ओलंपिक पदक जीते हैं, अपने पति और 6 वर्षीय बेटे ज़ायोन के साथ अधिक समय बिताना चाहती हैं। फ्रेजर-प्राइस 100 मीटर की दौड़ में शा’कैरी रिचर्डसन के खिलाफ दौड़ेंगी।

मिकेल हेन्सन (हैंडबॉल)

मिकेल हेन्सन

लंबे बालों और हैडबैंड के फैशन को विश्व में प्रसिद्ध करने वाले, शक्तिशाली लेफ्ट बैक हैनसेन डेनिश खेलों में सबसे परिचित चेहरों में से एक है। तीन बार पुरुष वर्ग में वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए हैनसेन, यह रिकार्ड उन्होंने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी निकोला कराबेटिक के साथ साझा किया है। उन्हें अब तक के सर्वश्रेष्ठ हैंडबॉल खिलाड़ियों में से एक माना जाता है। बता दें कि उन्होंने डेनमार्क को रियो में स्वर्ण और फिर टोक्यो में रजत पदक दिलाया था।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement