Advertisement

कांगो नागरिक हत्या मामला: अफ्रीकी देश में भारतीयों पर हमला

कांगो की राजधानी किंशासा में भारतीय दुकानों और प्रतिष्ठानों पर हमला किया गया और गोलियां चलाई गईं जिसमें दो भारतीय घायल हो गए। माना जा रहा है कि यह हमला राजधानी दिल्ली में कांगो के एक नागरिक की हत्या की प्रतिक्रिया में किया गया जिसपर हाल में अफ्रीकी राजदूतों ने नाराजगी जताई थी।
कांगो नागरिक हत्या मामला: अफ्रीकी देश में भारतीयों पर हमला

भारतीय विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी है कि कांगो की राजधानी किंशासा में हमारे दूतावास के संज्ञान में आया है कि वहां के वाणिज्यिक क्षेत्रों में कुछ भारतीय प्रतिष्ठानों और दुकानों पर 23 मई और 25 मई को हमला किया गया। मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरुप ने कहा, यह भी जानकारी मिली है कि वहां कुछ गोलियां भी चलाई गईं जिसमें क्षेत्र में रहने वाले कुछ भारतीय घायल हुए हैं। हमारे राजदूत ने तत्काल इस मामले को कांगो के विदेश मंत्रालय के समक्ष उठाया। हालांकि उन्होंने कहा कि नवीनतम खबरों के अनुसार अब चीजों में सुधार हुआ है क्योंकि और कोई घटना सामने नहीं आई है। स्वरूप ने कहा कि कांगो में रहने वाले भारतीयों के जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वहां के विदेश मंत्रालय को एक वर्बल नोट जारी किया गया है जिसकी एक प्रति वहां के गृह एवं पुलिस अधिकारियों को भी दी गई है।

 

किंशासा में भारतीय प्रतिष्ठानों पर हमला तब हुआ है जब कुछ दिनों पहले दिल्ली में कांगो के नागरिक मसोंदा केतादा ओलिवर की हत्या कर दी गई थी। पिछले सप्ताह दक्षिणी दिल्ली के वसंतकुंज क्षेत्र में ओलिवर की एक ऑटोरिक्शा किराये पर लेने को लेकर हुए झगड़े में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। अफ्रीकी देशों के राजदूतों ने ओलिवर की हत्या पर अप्रसन्नता जताई थी जिसके बाद भारत ने अफ्रीकी नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिया था। राजदूतों ने आईसीसीआर की ओर से आयोजित अफ्रीकी दिवस को भी स्थगित करने की मांग की लेकिन उन्होंने उसमें तब हिस्सा लेने का निर्णय किया जब विदेश राज्य मंत्री वी के सिंह ने अफ्रीकन हेड्स आफ मिशंस से मुलाकात की।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad