Advertisement

व्हाइट हाउस के घुसपैठिए ने कबूला गुनाह

बीते वर्ष सितंबर में व्हाइट हाउस में घुसपैठ करने वाले व्यक्ति ने चाकू लेकर अत्यधिक सुरक्षा वाली इमारत की चारदीवारी फांदकर घुसने का अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
व्हाइट हाउस के घुसपैठिए ने कबूला गुनाह

यह जानकारी अमेरिकी अटॉर्नी रोनाल्ड सी मैकन ने दी। उमर गोंजालेज (42) ने कोलंबिया की अमेरिकी जिला अदालत में दो संघीय आरोपों के संदर्भ में अपना दोष स्वीकार कर लिया। उस पर लगे दो आरोपों में एक आरोप घातक या खतरनाक हथियार लेकर निषिद्ध इमारत या मैदान में गैरकानूनी ढंग से प्रवेश करने का था और दूसरा मामला कुछ अधिकारियों या कर्मचारियों पर हमला करने और उनके मार्ग में अवरोधक बनने से जु़ड़ा था।

गोंजालेज को आठ जून 2015 को सजा सुनाई जाएगी। वह 19 सितंबर 2014 को गिरफ्तार किए जाने के बाद से ही हिरासत में है। मैकन ने शुक्रवार को कहा,  हमें खुशी है कि गोंजालेज ने व्हाइट हाउस की दीवार फांदने और वहां चाकू के साथ प्रवेश कर जाने के अपने नासमझी भरे फैसले की जिम्मेदारी लेने का निर्णय किया है।

मैकन ने कहा, वह खुशकिस्मत है कि वह जिंदा है। गोंजालेज को अपने अपराध के चलते काफी समय कैद में गुजारना पड़ा और हमें उम्मीद है कि फैसला सुनाए जाने पर कोलंबिया में उसके प्रवेश पर रोक लगा दी जाएगी और उसे मनोचिकित्सा के लिए कहा जाएगा। उन्होंने कहा, हम उम्मीद करते हैं कि यह अभियोजन भविष्य में प्रथम परिवार, व्हाइट हाउस और वहां काम करने वाले लोकसेवकों के लिए खतरे का सबब बन सकने वाले इस तरह के कामों को करने से दूसरों को रोकेगा।

सरकारी साक्ष्यों के अनुसार, 19 सितंबर 2014 को शाम लगभग सात बजकर 19 मिनट पर गोंजालेज व्हाइट हाउस की उत्तरी दीवार पर चढ़ गया। जब वह दीवार को फांद रहा था तब यूएस सीक्रेट सर्विस के यूनिफॉम्र्ड डिवीजन के अधिकारी उसकी ओर भागे और उसे रूकने और नीचे उतरने के लिए कहा। लेकिन गोंजालेज ने इन निर्देशों को नजरअंदाज किया और व्हाइट हाउस के उत्तरी मैदान में उतर गया।

बार-बार दिए जा रहे निर्देशों को अनसुना करते हुए, कुछ क्षणों बाद, वह एक अधिकारी को पीछे की ओर धकेलता हुए व्हाइट हाउस के उत्तरी दरवाजों से होकर गुजरता गया। यूनिफॉम्र्ड डिवीजन के एक अन्य अधिकारी ने तब व्हाइट हाउस के भीतर उस पर काबू पा लिया। उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास एक चाकू निकला, जो कि लगभग साढ़े तीन इंच लंबा था।

गिरफ्तारी के बाद, उसने कंस्टीट्यूशन एवेन्यू नॉर्थ वेस्ट में खड़े अपने वाहन की तलाशी की मौखिक अनुमति दी। तलाशी पर उसके वाहन से सैकड़ों कारतूस और मैगजीन, दो कुल्हाडि़यां और एक छुरा बरामद हुआ।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad