Advertisement

भारत अब विकासशील देश नहीं रहा, श्रीलंका और पाक की बराबरी पर आया

विश्व बैंक ने अपनी विशिष्ट रिपोर्ट में भारत के लिए ‘विकासशील देश’ शब्द का उपयोग करना बंद कर दिया है और इसे ‘निम्न-मध्य-आय’ अर्थव्यवस्था की श्रेणी में रखा है। पाकिस्तान और श्रीलंका भी निम्न-मध्य-आय अर्थव्यवस्था वाले देश हैं।
भारत अब विकासशील देश नहीं रहा, श्रीलंका और पाक की बराबरी पर आया

विश्व बैंक के डाटा वैज्ञानिक तारीक खोखर ने कहा, “अपनी ‘विश्व विकास संकेतक’ रिपोर्ट में हमने निम्न और मध्य-आय देशों को ‘विकासशील देश’ समूह में रखना बंद कर दिया है। विश्लेषण के उद़देश्‍य की वजह से भारत को निम्न-मध्य-आय अर्थव्यवस्था श्रेणी में रखा जाता रहेगा। खोखर ने एक साक्षात्कार में कहा, “अपने सामान्य कार्यो में हम विकासशील देश या विकासशील विश्व शब्दों को नहीं बदल रहे हैं, लेकिन विशेषज्ञता युक्त आंकड़ों में हम देशों के लिए अधिक सटीक समूह का उपयोग करेंगे”।

इसके मुताबिक साधारण संचार सामग्रियों में भारत को विकासशील देश कहा जाता रहेगा, लेकिन विशेषज्ञतायुक्त आंकड़ों में इसे निम्न-मध्य-आय अर्थव्यवस्था कहा जाएगा। उन्होंने कहा कि विकासशील देश शब्द का उपयोग बंद करने का फैसला इसलिए किया गया, क्योंकि इस शब्द की कोई स्पष्ट सर्वमान्य परिभाषा नहीं है, जिसके कारण मलेशिया और मालावी दोनों को विकासशील देश माना जाता है।

2014 में मलेशिया का सकल घरेलू उत्पाद 338.1 अरब डॉलर था, जबकि मालावी का 4.258 अरब डॉलर था। अब मलेशिया को उच्च-मध्य-आय अर्थव्यवस्था और मालावी को निम्न-आय अर्थव्यवस्था कहा जा रहा है। अफगानिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल निम्न-आय अर्थव्यवस्था हैं। पाकिस्तान और श्रीलंका निम्न-मध्य-आय आय अर्थव्यवस्था हैं. ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका और चीन उच्च-मध्य-आय आय अर्थव्यवस्था हैं। रूस और सिंगापुर उच्च-आय-गैर-ओईसीडी आय अर्थव्यवस्था हैं। अमेरिका उच्च-आय-ओईसीडी आय अर्थव्यवस्था है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad