जापान की एक अदालत ने 2023 में एक चुनाव प्रचार अभियान के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा पर देसी पाइप बम फेंकने के आरोपी को बुधवार को दोषी करार दिया और उसे 10 साल जेल की सजा सुनाई गई। स्थानीय मीडिया ने इस बारे में खबर दी।
रयुजी किमुरा (25) पर 15 अप्रैल, 2023 को पश्चिमी शहर वाकायामा में किशिदा पर हमले के लिए हत्या के प्रयास का आरोप था। इसके अलावा, उस पर विस्फोटकों और अन्य हथियारों से संबंधित कानूनों के उल्लंघन सहित चार अन्य आरोप भी लगाए गए थे।
किमुरा को 10 साल की जेल की सजा
जापान के सार्वजनिक टेलीविजन और अन्य मीडिया के अनुसार, वाकायामा जिला अदालत ने अपने फैसले में किमुरा को 10 साल की जेल की सजा सुनाई, लेकिन यह नहीं बताया कि उसे किन पांच आरोपों में दोषी पाया गया। अदालत ने फोन पर तत्काल फैसले की पुष्टि नहीं की।
फरवरी की शुरुआत में मुकदमे के शुरुआती सत्र में किमुरा ने हत्या के प्रयास के आरोप में खुद को दोषी मानने से इनकार करते हुए कहा कि उसका इरादा किशिदा को मारने का नहीं था। इस हमले में तत्कालीन प्रधानमंत्री को कोई चोट नहीं आई थी, लेकिन दो लोगों को मामूली चोटें आई थीं। किमुरा को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
यह हमला पश्चिमी जापान के एक अन्य शहर नारा में एक अभियान भाषण के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या के लगभग एक साल बाद हुआ था। बता दें कि शिंजो आबे की एक हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।