पैगंबर कार्टून विवाद में फ्रांस में शिक्षक की गला काटकर हत्या के बाद अब इसी तरह एक और हत्या का मामला सामने आया है। अब फ्रांस के एक चर्च में एक हमलावर ने एक महिला का गला काट दिया और 2 अन्य लोगों की चाकू मारकर निर्मम तरीके से हत्या कर दी। यह घटना फ्रांस के नीस शहर में हुई है। शहर के मेयर ने इस घटना को आतंकवाद करार दिया है।
समाचार एजेंसी के अनुसार, मेयर क्रिस्चियन इस्तोर्सी ने कहा कि चाकू से यह हमला शहर के नोट्रे डेम चर्च में हुई है। पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि 3 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो गई है। कई अन्य घायल हो गए हैं। एक पुलिस सूत्र ने कहा कि महिला का गला काटा गया है। फ्रांस के एक नेता ने भी इस बात की पुष्टि की है कि महिला का गला काटा गया है।
वहीं फ्रांस के आतंकवाद निरोधक विभाग ने कहा कि उसे इस हमले के जांच की जिम्मेदारी दी गई है। घटनास्थल पर मौजूद पत्रकारों का कहना है कि हथियारबंद जवानों ने चर्च को घेर लिया है। मौके पर एंबुलेंस और फायर सर्विस की गाड़ियां मौजूद हैं। यह हमला ऐसे वक्त पर हुआ है जब कुछ समय पहले ही फ्रांसीसी टीचर की पैगंबर का कार्टून दिखाने पर हत्या कर दी गई थी।