Advertisement

इंडोनेशिया में सुनामी और भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 832

  दो दिन पहले इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप और इसके आसपास के इलाके में आए भूकंप और सूनामी ने भारी तबाही...
इंडोनेशिया में सुनामी और भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 832

दो दिन पहले इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप और इसके आसपास के इलाके में आए भूकंप और सूनामी ने भारी तबाही मचाई है। इस आपदा में अब मरने वालों की संख्या 832 हो गई है। समाचार एजेंसी एएनआई ने एएफपी के हवाले से यह जानकारी दी है। हजारों की संख्या में अस्पतालों में घायलों का इलाज चल रहा है। ऐसे में मरने वालों की संख्या में और इजाफा हो सकता है। शुक्रवार की शाम को इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप में भूकंप और सुनाई आई थी। मृतकों में 11 लोग डोंगगाला के और 821 पालू प्रांत के हैं। अभी तक कुछ विदेशी नागरिक लापता हैं। लापता विदेशी नागरिकों में एक फ्रेंच, एक साउथ कोरिया और कुछ दूसरे देशों के नागरिक हैं।

 हालांकि इंडोनेशिया की सरकारी न्यूज एजेंसी अंतारा ने राष्ट्रीय आपदा एजेंसी के प्रमुख के हवाले से पालू में मारे गए लोगों का ताजा आंकड़ा बताया है जो 420 लोगों की मौत का है। अधिकतर मौतें सुनामी से प्रभावित शहर पालू में हुई हैं।

भूकंप और सुनामी से सुलावेसी द्वीप में भीषण तबाही हुई है, जहां की आबादी करीब 3,50,000 है। इस आपदा के कारण यहां बड़ी संख्‍या में लोग प्रभावित हुए हैं। यहां शुक्रवार को विनाशकारी भूकंप आया था, जिसकी तीव्रता रिक्‍टर पैमाने पर 7.5 मापी गई थी। इस दौरान समुद्र में करीब दो मीटर (6.6 फुट) तक ऊंची लहरें उठी थीं।

 वहीं भूकंप के केंद्र से करीब 80 किलोमीटर की दूरी पर स्थित पालू शहर के एक पार्किंग और उसके बगल में स्थित बिल्डिंग के आस पास ऊंची पानी की लहरें उठती नजर आईं और तटीय इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया। वीडियो में पानी की लहरें कई इमारतों को अपनी चपेट में लेती हुई नजर आ रही हैं।

गौरतलब है कि शु्क्रवार को आए भूकंप का केंद्र पालू शहर से 78 किलोमीटर की दूरी पर था। यह मध्य सुलावेसी प्रांत की राजधानी है। भूकंप की तीव्रता इतनी अधिक थी कि इसका असर यहां से करीब 900 किलोमीटर दूर दक्षिण में स्थित द्वीप के सबसे बड़े शहर माकासर तक महसूस किया गया।

इंडोनेशिया की भौगोलिक स्थिति के कारण भूकंप का खतरा हरदम बना रहता रहता है। इंडोनेशिया में पिछले महीने भी भूकंप आया था, जिसने भीषण तबाही मचाई थी। 5 अगस्‍त को आए भूकंप में 460 लोगों की जान चली गई थी। इससे पहले 2004 में इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप में आए भूकंप और सुनामी से भी व्‍यापक विनाश हुआ था। इसने पूरे हिंद महासागर क्षेत्र को प्रभावित किया था।

भारत में तमिलनाडु के तटीय इलाकों में व्‍यापक क्षति हुई थी और जानमाल का नुकसान हुआ था। रिपोर्ट्स के अनुसार, 2004 में आई सुनामी के कारण पूरे हिंद महासागर में 2,26,000 लोगों की जान चली गई थी। इनमें से 1,20,000 से अधिक की मौत अकेले इंडोनेशिया में हो गई थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad