Advertisement

माइकल जैक्सन, शेक्सपियर की रचनाओं में गीता संदेश

भगवत गीता के संदेश द बीटल्स, माइकल जैक्सन, विलियम शेक्सपियर, रूडयार्ड किपलिंग और जे. के रोलिंग के संदेशों में ढूंढे जा सकते हैं और गीता का दर्शन उनकी रचनाओं में नजर आता है।
माइकल जैक्सन, शेक्सपियर की रचनाओं में गीता संदेश

महाकाव्य महाभारत के पात्र पांडव राजकुमार अर्जुन और उसके शिक्षक एवं दोस्त कृष्ण के बीच हुए वार्तालाप को लेखक रूपा पई ने अपनी पुस्तक द गीता फॉर चिल्ड्रन में एक नया स्वरूप देने की कोशिश की है। बच्चों-बड़ों दोनों के लिए लिखी गई इस किताब में भगवत गीता से जुड़े कई मिथकों को तोड़ने का प्रयास किया है।

 

भगवत गीता को रूपा भारत की ऐसी सबसे बेहतरीन किताब कहती हैं जिसमें सभी सवालों के जवाब मिल सकते हैं और जिसमें चतुराई और हास्य-विनोद सभी का पुट है। अपनी इस पुनर्कथा किताब में वह गीता और द बीटल्स, जैक्सन, किपलिंग, शेक्सपियर और रोलिंग में समरूपता दिखाने का प्रयास करती हैं।

 

पई के अनुसार 20वीं सदी के दो सबसे चहेते गायक बीटल्स के पॉल मैक्कार्टनी और जैक्सन का लोगों को संदेश देने का अपना अंदाज था। उन्होंने गीता के इस संदेश कि हर इंसान भीतर से समान है को अपने गीतों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया।

 

रूपा ने कहा, मैक्कार्टनी के गाने इबोनी एंड आइवरी में वह इस बात पर अचरज प्रकट करते हैं कि बाहर से अलग-अलग रंगों (नस्लभेद) के दिखने वाले लोग क्यों एक साथ दोस्ती के बंधन में बंधकर नहीं रह सकते जबकि पियानों के पटल पर वही काले-सफेद बटन मिलकर एक सुमधुर संगीत को जन्म देते हैं।

 

उन्होंने कहा कि इसके एक पीढ़ी बाद माइकल जैक्सन अपने गाने ब्लैक ऑवर वाइट में श्रोताओं से यही अनुरोध करते हैं कि यह लोगों का रंग या नस्ल नहीं है जो उन्हें एक-दूसरे से अलग करते हैं बल्कि उनका दिल और दिमाग कैसा है, इससे वह अलग होते हैं। वह कहते हैं कि जब आप यह समझ जाते हैं तो कोई भी आपका भाई-बहन बन सकता है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे श्वेत हैं या अश्वेत।

 

शेक्सपियर का उदाहरण देते हुए वह कहती हैं कि शेक्सपियर ने एज यू लाइक इट में कहा है कि दुनिया एक रंगमंच है और सभी औरत और मर्द इस मंच की कठपुतलियां भर हैं। शेक्सपियर की यह बात कृष्ण के उस विचार से इत्तेफाक रखती है जिसमें कृष्ण कहते हैं कि मनुष्य के जीवन की पटकथा पर और उसके लिए निर्धारित भूमिका पर उसका कोई नियंत्रण नहीं है।

 

इसी तरह इस पुस्तक में गीता की शिक्षाओं को किपलिंग, रोलिंग और अन्य कई की रचनाओं के साथ समायोजित करके प्रस्तुत किया गया है, जो गीता को आधुनिक समय में एक नए मुकाम पर ले जाती है। इस पुस्तक का प्रकाशन हैशटे इंडिया ने किया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad