Advertisement

संयुक्त राष्ट्र जारी करेगा सुब्बुलक्ष्मी पर डाक टिकट

कर्नाटक संगीत की प्रसिद्ध भारतीय कलाकार, एम एस सुब्बुलक्ष्मी की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में संयुक्त राष्ट्र उनके सम्मान में एक डाक टिकट जारी करेगा। यह टिकट 15 अगस्त को जारी होगा। इस दिन भारत का 70वां स्वतंत्रता दिवस भी है।
संयुक्त राष्ट्र जारी करेगा सुब्बुलक्ष्मी पर डाक टिकट

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थाई मिशन ने प्रेस को दिए एक बयान में कहा है कि सुब्बुलक्ष्मी की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में, संयुक्त राष्ट्र डाक प्रशासन एक डाक टिकट जारी करेगा। इस वर्ष भारत का स्वतंत्रता दिवस, संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय में भी मनाया जाएगा। ऑस्कर विजेता संगीतकार ए आर रहमान 15 अगस्त को संयुक्त राष्ट्र के महासभा हॉल में संगीत के एक विशेष कार्यक्रम में अपने संगीत का जादू बिखेरेंगे।

सुब्बुलक्ष्मी के बाद रहमान, संयुक्त राष्ट्र के महासभा हॉल में प्रस्तुति देने वाले दूसरे भारतीय कलाकार होंगे। सुब्बुलक्ष्मी, भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान, भारत रत्न से सम्मानित होने वाली पहली भारतीय संगीतकार थीं। उन्हें अक्तूबर 1966 में संयुक्त राष्ट्र के तत्कालीन महासचिव, यू थांट ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में प्रस्तुति देने के लिए आमंत्रित किया था। सुब्बुलक्ष्मी वहां प्रस्तुति देने वाली पहली भारतीय कलाकार थीं।

इससे पहले इस वर्ष मार्च में, संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तानी मिशन ने एक संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया था जिसमें मशहूर गायक राहत फतेह अली खान ने अपने संगीत का जलवा बिखेरा था। भारतीय मिशन, सुब्बुलक्ष्मी की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में 15 अगस्त से लेकर 19 अगस्त तक एक फोटो प्रदर्शनी का भी आयोजन करने जा रहा है। सुब्बुलक्ष्मी की जन्म शताब्दी 16 सितंबर को है।

एजेंसी भाषा

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad