देशभर में पेट्रोल-डीजल के दामों को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र की मोदी सराकर पर हमलावर है। वहीं, सरकार की ओर से दलील दी जा रही है कि कीमतों का बढ़ना उसके हाथ में नहीं है। इस बीच आज एक बार फिर पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी हुई है।
मंगलवार को पेट्रोल-डीजल दोनों की कीमतों मे 14 पैसे की बढ़ोतरी हुई है। इस बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 80.87 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 72.97 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गई है। इससे पहले वित्त मंत्री अरुण जेटली एक्साइज ड्यूटी घटाने की संभावना से इनकार कर चुके हैं।
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी पेट्रोल 88.26 रुपये प्रति लीटर और डीजल 77.47 रुपय प्रति लीटर पर पहुंच गया। देश में सबसे महंगा पेट्रोल महाराष्ट्र में ही मिल रहा है। वहीं, कोलकाता में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 83 रुपये 75 पैसे, भोपाल में 86 रुपये 62 पैसे, पटना में 87 रुपये 06 पैसे हैं। वहीं, पटना में एक लीटर डीजल की कीमत 78 रुपये 61 पैसे है।
कीमतों को काबू करना हमारे हाथ में नहीं: रविशंकर प्रसाद
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर विपक्षी दलों के हमलावर रुख के बीच केंद्र सरकार ने कहा है कि कीमतें काबू करना हमारे हाथ में नहीं है। केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि हमारे समय में तेल की कीमत में कुछ बढ़ोतरी हुई है। यह एक ऐसी समस्या है जिसका निराकरण हमारे हाथों में नहीं है।
तेल की बढ़ती कीमतों पर विपक्ष केंद्र की मोदी सरकार पर हमलावर
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर विपक्ष लगातार मोदी सरकार के खिलाफ हमलावर है। आज कांग्रेस ने भारत बंद बुलाया है। कांग्रेस के इस बंद में करीब 21 पार्टियां भाग ले रही है। विपक्षी दलों का कहना है कि सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर टैक्स कम करे और इसे जीएसटी के दायरे में लाए। वहीं, केंद्र की मोदी सरकार पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के लिए अंतरराष्ट्रीय परिस्थिति को जिम्मेदार ठहरा रही है।
जानें किन शहरों में क्या है हाल-
शहर |
पेट्रोल की कीमत |
डीजल की कीमत |
दिल्ली |
80.87 रुपये |
72.97 रुपये |
मुंबई |
88.26रुपये |
77.47 रुपये |
चेन्नै |
84.05 रुपये |
77.13 रुपये |
कोलकाता |
83.75 रुपये |
75.82 रुपये |
क्यों बढ़ रहीं पेट्रोल और डीजल की कीमतें?
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार जारी बढ़ोतरी के लिए गिरता रुपया और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें जिम्मेदार हैं। डॉलर के मुकाबले रुपये में लगातार गिरावट जारी है। कच्चे तेल का दाम भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ रहा है। इसके चलते तेल कंपनियों की लागत में भी इजाफा हो रहा है। इन सब वजहों से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है।
इससे पहले भी पेट्रोल-डीजल के दामों में हुई थी बढ़ोतरी
उल्लेखनीय है कि इस महीने से पहले भी पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी देखने को मिली थी। साथ ही, लोगों को इन कीमतों की मार को भी झेलना पड़ा था और यह दाम लोगों की जेब पर भारी पड़े थे। अब देखना होगा कि क्या भविष्य में भी यह इसी तरह से बढ़ते रहेंगे या इनमें कुछ राहत देख्ाने को मिलेगी।