Advertisement

बॉलीवुड का दिसंबर कैसा होगा

ईद, दिवाली के बाद बॉलीवुड अपना सबसे बड़ा दांव साल के आखिर में खेलता है। ईद पर बजरंगी भाई जान और दिवाली पर प्रेम ने अपना कब्जा जमाए रखा। दोनों ही मौकों पर बॉक्स ऑफिस पर भरपूर सिक्के बरसते हैं।
बॉलीवुड का दिसंबर कैसा होगा

किसी खास मौके पर फिल्म प्रदर्शित करना बॉलीवुड का पुराना शगल रहा है। निर्माता अपनी फिल्म का प्रचार भी कुछ इसी तरह करते हैं, कि लगता है यदि फलां फिल्म इस वक्त प्रदर्शित नहीं हुई होती तो शायद इस बार दशहरा, दिवाली, ईद या क्रिसमस मनाया ही नहीं जाता!    

बॉलीवुड में भी साल खल्लास होते-होते यह चर्चा जोर पकड़ने लगती है कि इस बार 'शो स्टॉपर’ कौन होगा। यानि कौन सी फिल्म साल का खाता बंद करेगी। बॉलीवुड में फिल्म प्रदर्शित करने के कुछ खास मौकों में से एक, साल का आखिरी महीना इसलिए भी चुना जाता है, क्योंकि नए साल में पिछले साल की फिल्मों का लेखा-जोखा आना शुरू हो जाता है। लगभग सभी अवॉर्ड समारोहों के लिए फिल्मों का चयन शुरू होने में जो फिल्म साल के अंत में आती हैं, दर्शकों के दिमाग में ज्यादा जगह बना पाती हैं। साल के शुरू में कितनी भी अच्छी फिल्म प्रदर्शित हुई हो साल के आखिर तक आते-आते दर्शकों और समीक्षकों की स्मृति धुंधलाने लगती है। इसका मतलब यह भी नहीं होता कि यदि साल के अंत में मस्तीजादे प्रदर्शित हो रही है तो वह इस सूची में सबसे ऊपर पहुंच जाएगी।

इस साल के अंत में वजीर, बाजीराव-मस्तानी और दिलवाले के बीच कड़ी टक्कर की संभावना है। वजीर में अमिताभ बच्चन के होने से वजन बढ़ गया है और लंबे समय से इसकी प्रतीक्षा की जा रही है। अमिताभ इस फिल्म में व्हील चेयर पर नजर आने वाले हैं और फरहान अक्सर एक फौजी के रूप में। बिजॉय नांबियार ने इस फिल्म का प्रमोशन वैसे शुरू नहीं किया है जैसे रोहित शेट्टी दिलवाले और संजय लीला भंसाली बाजीराव-मस्तानी के लिए कर रहे हैं। रोहित शेट्टी ने लगभग छह महीने पहले से ही दिलवाले का प्रचार शुरू कर दिया था। उनकी फिल्म में काजोल-शाहरूख खान की मशहूर जोड़ी है जिसे देखने दर्शक खुद ब खुद खिंचे चले आते हैं। रोहित ने अपनी फिल्म के प्रचार के लिए दिलवाले दुलहनिया ले जाएंगे की सफलता को भी अभी से भुनाना शुरू कर दिया है। रोहित ने दिलवाले दुलहनिया ले जाएंगे के पोस्टर की तर्ज पर अपनी फिल्म दिलवाले का पोस्टर बनाया है। इस पोस्टर में भी शाहरूख, काजोल को अपने कंधे पर उठाया हुआ है। रोहित को अपनी कहानी और निर्देशन से ज्यादा इस जोड़ी पर भरोसा है। उनका कहना है, 'दिलवाले इस साल की ब्लॉकबस्टर साबित होगी।’

संयोग से जिस दिन दिलवाले का प्रदर्शन होगा उसी दिन यानी 18 दिसंबर को एक और बड़ी फिल्म परदे पर आएगी। संजय लीला भंसाली की फिल्म बाजीराव-मस्तानी। इस फिल्म के लिए संजय काफी सालों से मेहनत कर रहे हैं। मराठा योद्धा बाजीराव के जीवन पर बनी इस फिल्म के लिए रणवीर सिंह, प्रियंका चोपड़ा और दीपिका पादुकोण ने जी जान से मेहनत की है। समीक्षकों का आकलन है कि बाजीराव के मुकाबले दिलवाले शायद ज्याद दर्शक बटोर ले। चूंकि बाजीराव पीरियोडिक फिल्म है इसलिए कई बार दर्शक सीधी-सादी प्रेम कहानी देखना ज्यादा पसंद करते हैं। लेकिन संजय लीला भंसाली जिस तरह से फिल्म का प्रचार कर रहे हैं, उससे फिल्म के प्रति उत्सुकता बढ़ गई है। उन्होंने तो बाकायदा एक पूरा फैशन शो अपनी फिल्म के नाम किया। इसमें दीपिका पादुकोण खास तौर वह वहीं परिधान पहन कर रैंप पर उतरीं जो उन्होंने फिल्म में पहने हैं। दीपिका इस फिल्म में बाजीराव की प्रेमिका मस्तानी बनी हैं। हालांकि प्रियंका को बहुत फुटेज नहीं दिया जा रहा है। प्रियंका ने बाजीराव की पत्नी काशीबाई की भूमिका निभाई है।

रोशन फिल्म वर्क की रूपा सुनेजा मानती हैं कि जब दो फिल्में टकराती हैं, तो पहले दिन ही दर्शक बंटते हैं। फिर धीरे-धीरे माउथ पब्लिसिटी इन फिल्मों के लिए दर्शक जुटाती है। इस लड़ाई में बस यही नुकसान होता है कि किसी फिल्म को कुछ शहरों में अच्छे सिनेमाघर नहीं मिल पाते। इस वजह कभी-कभी कमाई प्रभावित होती है। दिसंबर में ज्यादातर निर्माता-निर्देशक आखिरी सप्ताह में फिल्म प्रदर्शन करने से बचते हैं। क्योंकि क्रिसमस के दौरान छुट्टियों का माहौल रहता है और लोग यात्राओं पर रहते हैं। लेकिन धूम 3 ने इस भ्रांति को भी तोड़ा था। दिसंबर के आखिरी हफ्ते में प्रदर्शित हुई इस फिल्म ने अच्छी-खासी कमाई की थी। पहले बाजीराव-मस्तानी नवंबर के आखरी सप्ताह में प्रदर्शित होने वाली थी। लेकिन जब सूरज बड़जात्या की फिल्म प्रेम रतन धन पायो के प्रदर्शन की तारीख 11 नवंबर तय हो गई तो बाजीराव-मस्तानी की तारीख आगे खिसका दी गई। सलमान और सूरज बड़जात्या का तालमेल ऐसा है कि कोई इन फिल्मों को शादी का कैसेट बोले या बेकार के अति परिवारवाद लेकिन एक न एक बार उनकी फिल्मों को देखते जरूर है। महीना डेढ़ महीना दर्शक प्रेम यानी सलमान खान की अदाओं से उबर ही नहीं पाते हैं। सूरज एक स्थायी भाव से फिल्म बनाते हैं, मगर बहुत से वर्ग इसे ही 'असली सिनेमा’ मान कर उनकी फिल्म को देखना अपना कर्तव्य मानता है।

हालांकि इस साल तरह-तरह के अवॉर्ड समारोहों में सलमान बनाम सलमान होने की ही संभावना ज्यादा है। बजरंगी भाईजान और प्रेम रतन धन पायो लगभग हर श्रेणी में नामांकित होगी। रणवीर सिंह के लिए इस बार उम्मीदें ज्यादा हैं क्योंकि उनके समकालीन रणबीर कपूर की बॉम्बे वेल्वेट में कुछ भी मखमली नहीं था। इसी तरह साल की आखरी फिल्म बाजीराव-मस्तानी प्रियंका चोपड़ा के लिए किस्मत के कुछ कतरे ला पाए तो ठीक वरना दिल धड़कने दो जैसी बड़ी फिल्म ने उनका नुकसान ही किया है। दीपिका पादुकोण के लिए जरूर यह साल काफी अच्छा रहा है। पीकू ने भी दर्शकों के दिल में जगह बनाई और बाजीराव-मस्तानी में भी प्रियंका से ज्यादा दीपिका की चर्चा हो रही है। मुख्य किरदार में भी वही हैं। फिल्म बाजीराव और मस्तानी की प्रेम कथा है और जाहिर सी बात है, इसमें दीपिका मस्तानी हैं तो उनके खाते में कुछ और अंक भी जाएंगे। साथ ही रणवीर और दीपिका फिल्म की चर्चा बनाए रखने के लिए प्रेम प्रसंगों जैसे पांसे भी उछालते रहते हैं।

बहरहाल जो भी लेकिन अंत भला तो सब भला। इसलिए दर्शक जब नए साल में नई फिल्मों का इंतजार कर रहे हों तो यह नहीं होना चाहिए कि साल की इन दो बड़ी फिल्मों से उन्हें निराशा हाथ लगे। 

अलविदा साल के तोहफे 

4 दिसंबर

मस्तीजादे

निर्देशक : मिलाप झवेरी

क्या खास : सनी लियोनी की अदाएं। उनकी फिल्म लीला-एक पहले भले ही कुछ खास न कर पाई हो पर सनी की फैन फॉलोइंग में कोई कमी नहीं आई है। इसी उम्मीद पर दर्शकों का इंतजार रहेगा।

4 दिसंबर

वजीर

निर्देशक : बिजॉय नांबियार

क्या खास : अमिताभ बच्चन की इस फिल्म का बहुत दिनों से इंतजार है। बहुत प्रचार न होने के बाद भी दर्शक फरहान अक्सर और लंबे समय बाद जॉन अब्राहम को परदे पर देखना चाहते हैं।

11 दिसंबर

हेट स्टोरी 3

निर्देशक विशाल पंड्या

क्या खास : पहले के दो भाग ने एक अलग दर्शक वर्ग तैयार किया जो तीसरे भाग का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। विक्रम भट्ट की फिल्मों में जो मसाला होता है, सब इसमें मौजूद होगा।

18 दिसंबर

बाजीराव मस्तानी और दिलवाले

निर्देशक संजय लीला भंसाली और रोहित शेट्टी

क्या खास : दो बड़ी फिल्मों की भिडंत पर सभी की नजर है। बाजीराव-मस्तानी जहां ऐतिहासिक किरदार पर आधारित है, वहीं दिलवाले प्रेम कहानी है, जिसका मुख्य आकर्षण शाहरूख खान-काजोल हैं। बाजीराव-मस्तानी में रनवीर सिंह, दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा की अदाकारी देखने को दर्शक बेकरार होंगे। भंसाली वैसे भी भव्य सेट्स, लकदक परिधान के लिए जाने जाते हैं। दिलवाले में लोग चेन्नई एक्सप्रेस जैसा कुछ देखना चाहते हैं।   

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad