Advertisement

हैप्पी बर्थ डे गरम धरम

एक जमाना था जब चुटकुला काफी प्रसिद्ध था कि धर्मेंद्र को देखते ही सारे कुत्ते छुप जाते हैं। क्योंकि वे नहीं चाहते कि धर्मेंद्र उनका खून पी लें! गरम-धरम, ही मैन जैसे नामों से पुकारे जाने वाले धर्मेंद्र का आज 79वां जन्मदिन है।
हैप्पी बर्थ डे गरम धरम

सत्यकाम, आराधना, बंदिनी, मंझली दीदी जैसी फिल्मों में एक खूबसूरत सा नौजवान धीरे-धीरे लड़कियों के दिल में जगह बना रहा था। जाट सिख परिवार में पैदा हुआ यह लड़का, बॉलीवुड में धरम सिंह देओल नाम से आया था। देखते ही देखते यह धर्मेंद्र बना और रोमांटिक भूमिकाओं से एक्शन किंग हो गया।

यही धरम पाजी आज 79 साल के हो गए हैं। धर्मेंद्र यानी धरम पाजी का बॉलीवुड में अलग ही जलवा है। अपने पिंड की यादें उन्हें अब भी आती हैं और वह मानते हैं कि हिंदी फिल्मों ने पंजाब की खुशहाली को दिखाने में कोई कसर बाकी नहीं रखी।

धरम पाजी को पढ़ने से ज्यादा एक्टिंग का शौक थआ। सन 1960 में वह दिल भी तेरा हम भी तेरे फिल्म से बॉलीवुड की चौखट पर खड़े थे। यह फिल्म नहीं चली पर उनका बांका रूप चल गया। सुरैया उन दिनों बड़ी स्टार थीं। धरम पाजी ने उनकी फिल्म दिल्लगी को इतनी बार देखा जब तक वह फिल्म शॉट बाय शॉट उन्हें याद नहीं हो गई। इसके बाद कहा जाता है सुरैया उनके लिए सिफारिश किया करती थीं।

धर्मेंद्र ने लगभग 250 फिल्मों में काम किया है। इस साल भी उनकी एक फिल्म सेकंड हैंड हसबैंड रीलिज हुई है। पचास साल बॉलीवुड में गुजारने के साथ-साथ उन्होंने राजनीति में भी हाथ आजमाया है। वह भारतीय जनता पार्टी से संसद में सदस्य हैं।

अमिताभ के साथ उनकी जोड़ी शोले में ऐसी जमी कि लोग आज भी उन्हें वीरू ही कहते हैं। इसी फिल्म की बसंती यानि हेमा मालिनी को उन्होंने वास्तविक जीवन में जीवनसाथी बना लिया। उनकी दो बेटियां ईशा और आह्ना हैं। जबकि पहली पत्नी प्रकाश कौर से उनके दो बेटे सनी और बॉबी देओल हैं। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad