जोखिम भरी कहानियां हमेशा से ही दर्शकों को लुभाती हैं। और यदि ये कहानियां वास्तविकता से जुड़ी हों या सच्ची घटनाओं पर हों तो दर्शकों की दिलचस्पी ऐसी फिल्मों में और बढ़ जाती है। ऐसी एक हॉलीवुड की फिल्म एवरेस्ट जल्द ही आने वाली है। इसमें हॉलीवुड के अभिनेता जेसन क्लार्क ने मुख्य भूमिका निभाई है। इसका निर्देशन बालतासर कोरमाकुर ने किया है।
यह ऐक्शन और जोखिम से भरी कहानी है, जो सन 1996 में माउंट एवरेस्ट फतह करने निकले एक दल पर आधारित है, जिन्हें अपने दल के आठ सदस्यों को खोने के बाद एवरेस्ट पर फतह हासिल होती है।
ट्रेलर जारी करने के साथ ही लाखों लोगों ने इस फिल्म के प्रति जबर्दस्त उत्साह दिखाया। दो मिनट 30 सकेंड के प्रोमो में जेक गाइलेनहाल, जोश ब्रोलिन, क्लार्क, जॉन हॉक्स, सैम वर्थिंगटन और माइकल केनी नजर आते हैं। वे तूफान आने से पहले चट्टानी इलाके का पर्वतारोहण कर रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि 18 सितंबर को फिल्म प्रदर्शित की जाएगी।