Advertisement

बिश्नोई गिरोह पर एक्शन, सलमान खान की हत्या की साजिश मामले में एक सदस्य गिरफ्तार

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की हत्या की कथित साजिश के सिलसिले में नवी मुंबई पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई...
बिश्नोई गिरोह पर एक्शन, सलमान खान की हत्या की साजिश मामले में एक सदस्य गिरफ्तार

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की हत्या की कथित साजिश के सिलसिले में नवी मुंबई पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी सुक्खा उर्फ सुखबीर बलबीर सिंह को पनवेल टाउन पुलिस (नवी मुंबई) की एक टीम ने बुधवार को हरियाणा के पानीपत से पकड़ा।

अधिकारी ने कहा कि सुखबीर ने बिश्नोई गिरोह के सदस्यों को खान को कथित तौर पर मारने की सुपारी दी थी। उन्होंने कहा कि सुखबीर पाकिस्तान में बैठे अपने कथित आका डोगर के संपर्क में था।

अधिकारी ने कहा कि सिंह ने बिश्नोई गिरोह के सदस्यों के साथ सलमान खान को मारने की कथित साजिश को अंजाम देने के लिए पाकिस्तान से एके-47, एम16 और एके92 जैसे हथियारों का इस्तेमाल करने की योजना बनाई थी।

पुलिस ने कहा कि उसे नवी मुंबई लाने के बाद अदालत में पेश किया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि नवी मुंबई पुलिस राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में भी सुखबीर सिंह से पूछताछ करेगी।

उन्होंने बताया कि इस साल 24 अप्रैल को नवी मुंबई पुलिस ने सलमान खान की हत्या की साजिश रचने के आरोप में बिश्नोई गिरोह के 18 सदस्यों और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। बिश्नोई गिरोह के सदस्यों द्वारा मुंबई के बांद्रा में स्थित खान आवास के बाहर गोलीबारी करने के बाद ये गिरफ्तारियां हुई थीं।

अधिकारी ने कहा कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई, उसका भाई अनमोल, संपत नेहरा, गोल्डी बराड़ और रोहित गोधारा उन लोगों में शामिल हैं, जिन्हें प्राथमिकी में आरोपी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में नवी मुंबई पुलिस ने बिश्नोई गिरोह के पांच सदस्यों - धनंजय उर्फ अजय कश्यप उर्फ नहवी, गौरव भाटिया, वासपी खान उर्फ वसीम चिकना, रिजवान खान उर्फ जावेद और दीपक हवा सिंह उर्फ जॉन को गिरफ्तार किया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad