Advertisement

नागरिकता कानून को लेकर दरियागंज हिंसा में दिल्ली पुलिस ने 10 लोगों को किया गिरफ्तार

संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ राजधानी दिल्ली में पिछले कई दिनों से जारी प्रदर्शन शुक्रवार को भी...
नागरिकता कानून को लेकर दरियागंज हिंसा में दिल्ली पुलिस ने 10 लोगों को किया गिरफ्तार

संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ राजधानी दिल्ली में पिछले कई दिनों से जारी प्रदर्शन शुक्रवार को भी जारी रहा। जुमे की नमाज के बाद जामा मस्जिद के बाहर हजारों की संख्या में लोगों ने प्रदर्शन किया। दरियागंज में भी बड़ी संख्या में लोग जमा हुए थे, इस दौरान भीड़ हिंसक हो गई। पुलिस ने भीड़ को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज किया, इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने एक कार को आग के हवाले कर दिया। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।

दिल्ली पुलिस ने शनिवार को बताया कि दरियागंज इलाके में हिंसा के मामले में दिल्ली पुलिस ने 10 लोगों को हिरासत में लिया है। यहां प्रदर्शनकारियों ने एक कार को आग के हवाले कर दिया था। दरियागंज हिंसा पर दिल्ली पुलिस ने अपने बयान में बताया कि शुक्रवार को जामा मस्जिद क्षेत्र में नमाज के लिए बड़ी भीड़ इकट्ठा हुई थी। नमाज पढ़ने के बाद वे लोग जंतर-मंतर की तरफ मार्च निकाल कर विरोध प्रदर्शन करना चाहते थे लेकिन वहां मौजूद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उन्हें जंतर-मंतर की ओर मार्च नहीं करने के लिए मना लिया।

दिल्ली पुलिस ने कहा कि शुक्रवार शाम को प्रदर्शन के दौरान अचानक कुछ भीड़ में मौजूद लोगों ने बैरिकेड्स तोड़ना शुरू कर दिया और पुलिस की सलाह के खिलाफ जंतर मंतर की ओर मार्च करने के लिए पथराव किया। पुलिस ने उन्हें वापस धकेलने के लिए वाटर कैनन और बल का प्रयोग किया। पुलिस ने जामा मस्जिद और दरियागंज इलाके में प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। जिसके बाद भीड़ तितर-बितर हो गई।

दिल्ली पुलिस के मुख्यालय का घेराव

बता दें कि शुक्रवार को जामा मस्जिद में नमाज के बाद कई लोग नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन के लिए जंतर मंतर की ओर जा रहे थे। इस दौरान दिल्ली गेट के पास पुलिस ने उन्हें रोक लिया जिसके बाद हिंसा भड़क गई। शुक्रवार को नागरिकता कानून के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली पुलिस के मुख्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली पुलिस मुख्यालय के गेट के बाहर धरने पर बैठते हुए बोला कि जब तक हिरासत में लिए गए लोगों को रिहा नहीं किया जाएगा तब तक वो यहीं डटे रहेंगे।

सीएमएम के आदेश पर 8 नाबालिगों को किया गया रिहा

रात करीब साढ़े दस बजे दिल्ली के चीफ मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट (सीएमएम) के आदेश पर 8 नाबालिगों को रिहा किया गया। वहीं, मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह तक 16 वयस्कों को रिहा कर दिया गया जबकि 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, गुरुवार को सीमापुरी इलाके में भड़की हिंसा के मामले में धारा 816/19 के तहत 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

बेंगलूरू में 8 केस दर्ज

वहीं, बेंगलूरू की बात की जाए तो वहां नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। शहर के पुलिस आयुक्त भास्कर राव ने नागरिकता कानून के विरोध पर कहा कि एसजे पार्क पुलिस स्टेशन और उल्सूर गेट पुलिस स्टेशन में 8 केस दर्ज किए गए। उन्होंने कहा कि अभी तक हमारे पास इसे बढ़ाने की कोई योजना नहीं है, लेकिन हम शाम को स्थिति का अध्ययन करेंगे। ये ऐसी चीजें हैं, जहां हमें तत्काल फैसले लेने की जरूरत है।

जामिया इलाके से शुरू हुआ हिंसक प्रदर्शन

संशोधित नागरिकता कानून को लेकर जामिया इलाके में हिंसक प्रदर्शन हुआ था, इसके बाद सीलमपुर और जाफराबाद में भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया था। हालांकि, गुरुवार को दिल्ली में हिंसा की घटनाएं कम हुईं लेकिन एक बार फिर शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों ने कार को हवाले कर दिया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad