Advertisement

स्मॉग की चादर में लिपटा दिल्ली-एनसीआर, सीएम केजरीवाल बोले- गैस चैंबर में बदल गई है राजधानी

राजधानी दिल्ली आज भी खतरनाक स्मॉग की चादर में लिपटी हुई है। कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स...
स्मॉग की चादर में लिपटा दिल्ली-एनसीआर, सीएम केजरीवाल बोले- गैस चैंबर में बदल गई है राजधानी

राजधानी दिल्ली आज भी खतरनाक स्मॉग की चादर में लिपटी हुई है। कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 600 के पार पहुंच चुका है। बताया जा रहा है कि आज (शुक्रवार) दिन में हवा के और खराब होने की संभावना है। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली में सभी स्कूलों को बाहरी एक्टिविटि बंद करने का निर्देश दिया गया है। इस बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को ट्वीट करके कहा है कि पड़ोसी राज्यों में फसल जलने के धुएं के कारण दिल्ली गैस चैंबर में बदल गई है। यह बहुत जरूरी है कि हम खुद को इस जहरीली हवा से बचाएं।

दिल्ली के स्कूलों में बांटे गए मास्क

प्रदूषण के खिलाफ आज से दिल्ली सरकार बड़ी मुहिम शुरू की। आज से दिल्ली के स्कूलों में लाखों मास्क बांटे गए। कुल 50 लाख मास्क बांटने की योजना थी। बताया जा रहा है कि हर बच्चे को दो मास्क दिए गए हैं। प्राइवेट और सरकारी स्कूलों के माध्यम से हमने आज 50 लाख मास्क वितरित करना शुरू कर दिया है। मास्क बांटने के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'मैं सभी दिल्लीवासियों से आग्रह करता हूं कि जब भी जरूरत हो, उनका उपयोग करें'। वहीं, ऑड-ईवन के दौरान स्कूलों की छुट्टी पर भी विचार हो रहा है लेकिन फिलहाल फैसला नहीं हुआ है।

केजरीवाल ने अमरिंदर सिंह और खट्टर सरकार पर कसा तंज

स्कूल में मास्ट बांटे जाने के दौरान आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब की अमरिंदर सिंह और हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार पर तंज कसा। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने छात्रों से कहा कि सारे बच्चे मिलकर खट्टर अंकल और कैप्टन अंकल को चिट्ठी लिखना कि हमारी सेहत का ख्याल रखो। प्रदूषणों के कारणों को गिनाते हुए उन्होंने कहा, 'अक्टूबर और नवंबर के महीने में पड़ोसी राज्यों हरियाणा और पंजाब से सारा धुंआ दिल्ली में आता है। वहां क्या होता है किसान अपनी फसल उगाते हैं, फिर काटते हैं। डंडा रह जाता है और उस डंडे को किसान खेतों में जलाते हैं। हटाने के लिए उन्हें पैसे देने पड़ेंगे, इस वजह से जला देते हैं, जिसे पराली कहते हैं। सारा धुंआ दिल्ली के आसमान में छा जाता है, हवा खराब हो जाती है। खट्टर अंकल और कैप्टन अंकल से गुजारिश है कि हमारे बच्चों का ख्याल रखो।'

 

सफर (सिस्टम ऑफ़ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च) इंडिया के अनुसार, दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 412 दर्ज किया गया है, जो "बहुत गंभीर" श्रेणी में आता है।

आनंद विहार सबसे जहरीला

आनंद विहार       690

बवाना              666

वजीरपुर            567

गाजियाबाद        520

अलीपुर            532

नोएडा             532

ग्रेटर नोएडा        528

मुडंका             514

द्वारका            594

 

बता दें कि शून्य से 50 के बीच के एक्यूआई (एयर क्वालिटी इंडेक्स) को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ और 500 से ऊपर को अति गंभीर आपात स्थिति की श्रेणी में रखा जाता है।

पश्चिमी विक्षोभ दिलाएगा राहत

मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में होने वाले परिवर्तनों के चलते शनिवार के बाद से प्रदूषक कणों का बिखराव तेज होगा। प्रादेशिक मौसम पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि भारत के उत्तरी हिस्से में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके चलते जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में बारिश होने की उम्मीद है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी बौछारें पड़ सकती हैं।

क्यारका असर खत्म होने से थोड़ी धूप निकली

अरब सागर में सक्रिय हुए चक्रवाती तूफान क्यार का दिल्ली के मौसम पर असर समाप्त हो गया है। क्यार तूफान के चलते दिल्ली के आसमान पर ऊंचाई वाले बादल छाए हुए थे। इन बादलों और वातावरण में जमा स्मॉग के चलते धूप नहीं निकल रही थी। क्यार का असर समाप्त होने से गुरुवार को दिल्ली में दिन के समय हल्की धूप छाई रही। हालांकि, स्मॉग के असर से धूप में तेजी नहीं रही। अभी भी हलकी धुंध से छाई हुई है।

पंजाब-हरियाणा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन 

दिल्ली सरकार धुंध की इस चादर के लिए पड़ोसी राज्यों में जलाई जा रही पराली को जिम्मेदार ठहरा रही है। इसके विरोध में आम आदमी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को पंजाब और हरियाणा भवन के बाहर जमकर हंगामा किया। हालांकि वहां मौजूद भारी पुलिसबल ने प्रदर्शनकारियों को अंदर दाखिल नहीं होने दिया। कार्यकर्ता पंजाब और हरियाणा सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे थे।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad