Advertisement

मध्य प्रदेश के घटनाक्रम के बीच कांग्रेस ने दिल्ली-कर्नाटक में नियुक्त किए नए प्रदेश अध्यक्ष

मध्य प्रदेश में जारी उठापटक के बीच कांग्रेस ने बुधवार को दिल्ली और कर्नाटक के नए प्रदेश अध्यक्षों की...
मध्य प्रदेश के घटनाक्रम के बीच कांग्रेस ने दिल्ली-कर्नाटक में नियुक्त किए नए प्रदेश अध्यक्ष

मध्य प्रदेश में जारी उठापटक के बीच कांग्रेस ने बुधवार को दिल्ली और कर्नाटक के नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा की है। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने डीके शिवकुमार को कर्नाटक कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, अनिल चौधरी दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष बनाए गए हैं। डीके शिवकुमार विधायक हैं और पूर्व में कर्नाटक सरकार में मंत्री रह चुके हैं। वहीं अनिल चौधरी दिल्ली के पूर्व विधायक हैं। कर्नाटक में ईश्वर खंडरे, सतीश जरकिहोली और सलीम अहमद को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।

दिनेश गुंडू राव ने पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पद से दिया था इस्तीफा

कर्नाटक में बीते साल दिसंबर में कांग्रेस की हार के बाद इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए दिनेश गुंडू राव ने पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसमें कांग्रेस केवल दो सीटों पर ही जीत दर्ज कर सकी थी। इसके बाद राव ने पद छोड़ दिया था। करीब तीन महीने से कई नाम कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चल रहे थे। नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर सिद्धारमैया और दूसरे नेताओं की दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं से हाल ही में मुलाकात भी हुई थी। जिसके बाद शिवकुमार का नाम तय किया गया। शिवकुमार को कर्नाटक में कांग्रेस का बड़ा चेहरा माना जाता है। जेडीएस के साथ कांग्रेस की सरकार के समय वही संकटमोचक के तौर पर सबसे आगे दिखे थे।

कुमारस्वामी की सरकार में जल संसाधन मंत्री थे शिवकुमार

डीके शिवकुमार 2009 में कर्नाटक कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए गए थे। डीके, सिद्धरमैया की सरकार में ऊर्जा मंत्री के पद पर भी रहे। वहीं तत्कालीन एचडी कुमारस्वामी की सरकार में वे जल संसाधन मंत्री थे। गुजरात राज्यसभा चुनाव के दौरान डीके शिवकुमार राष्ट्रीय मीडिया में चर्चा का विषय बने थे। उस वक्त उन्होंने गुजरात के विधायकों को हॉर्स ट्रेडिंग से बचाने के लिए अपने रिसॉर्ट में रुकवाया था।

सुभाष चोपड़ा की जगह लेंगे अनिल चौधरी

वहीं अनिल चौधरी को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमिटी का अध्यक्ष बनाया गया है। चौधरी सुभाष चोपड़ा की जगह लेंगे। सुभाष चोपड़ा के नेतृत्व में ही कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में पार्टी को करारी शिकस्त मिली थी। 70 में से 67 सीटों पर पार्टी के उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी। सुभाष चोपड़ा की जगह अनिल चौधरी को अब दिल्ली कांग्रेस की जिम्मेदारी दी गई है। चौधरी पूर्वी दिल्ली की पटपड़गंज विधानसभा सीटे से विधायक रह चुके हैं।

विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नहीं जीत सकी थी कोई सीट

दिल्ली में फरवरी में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस कोई सीट नहीं जीत सकी थी। दिल्ली चुनाव में कांग्रेस के शून्य पर सिमटने के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे दिया था। आलाकमान ने उनके इस्तीफे को स्वीकार भी कर लिया था। इसके बाद से इस पद के लिए नेता की तलाश कांग्रेस आलाकमान को थी। पूर्व विधायक अनिल चौधरी को अब दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष बनाया गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad