Advertisement

जम्मू-कश्मीर: हिमस्खलन से जवाहर सुरंग में फंसे 10 पुलिसकर्मी, दो को बचाया गया

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले की जवाहर सुरंग के पास हिमस्खलन के चलते 10 पुलिसकर्मी सुरंग में फंस गए थे।...
जम्मू-कश्मीर: हिमस्खलन से जवाहर सुरंग में फंसे 10 पुलिसकर्मी, दो को बचाया गया

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले की जवाहर सुरंग के पास हिमस्खलन के चलते 10 पुलिसकर्मी सुरंग में फंस गए थे। इनमें से दो को बचा लिया है जिसमें एक की हालत गंभीर है। घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है लेकिन तेज हवा और बर्फ के ढेर की वजह से मुश्किलें आ रही हैं।

हादसा गुरुवार को कुलगाम जिले में जवाहर सुरंग में पुलिस पोस्ट के पास हुआ। इसमें 10 पुलिसकर्मी फंस गए, जबकि 10 अन्य पुलिसकर्मी सुरक्षित हैं। पुलिस के अनुसार बचाव कार्य बड़े पैमाने पर चलाया जा रहा है। सेना, पुलिस तथा अन्य सुरक्षा बल इस कार्य में लगे हुए हैं।

लगातार हो रही है बर्फबारी

कश्मीर घाटी में बुधवार से ही बर्फबारी हो रही है। पिछले 24 घंटे में कुलगाम जिले में सबसे अधिक हिमपात हुआ है। जिले के कुछ हिस्सों में 5 फुट तक बर्फबारी हुई। स्नो ऐंड एवेलांच स्टडीज स्टैब्लिशमेंट ने अगले 24 घंटे के लिए जम्मू-कश्मीर के 22 जिलों में से 16 के लिए हिमस्खलन को लेकर चेतावनी जारी की है।

कई जगह सड़क मार्ग भी बंद

कश्मीर घाटी में गुरुवार को ताजा बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश से जनजीवन प्रभावित है। कई स्थानों पर लोग बिजली के बिना घरों के अंदर ही रहने को मजबूर हैं। वहीं, कई जगह सड़क मार्ग भी बंद है और कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।

 

उत्तराखंड में हुई बर्फबारी

 

उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों जैसे बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब, नंदादेवी राष्ट्रीय पार्क, औली, मुनस्यारी सहित चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और रूद्रप्रयाग जिलों के अंदरूनी हिस्सों में बर्फबारी हुई है। वहीं, कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों और मैदानी इलाकों में बारिश हुई।

दिल्‍ली-एनसीआर में भी पड़े ओले

गुरुवार को दिल्‍ली-एनसीआर में कई स्‍थानों पर बारिश हुई और ओले पड़े। मौसम विभाग के अनुसार, ठंडी हवाओं, कम तापमान और पश्चिमी विक्षोभ के कारण ही यहां बारिश हुई और ओले भी गिरे। उसके अनुसार बंगाल की खाड़ी और अरब सागर की तरफ से तेज हवाएं उत्तर भारत की ओर आईं।

हिमाचल प्रदेश में हुई मूसलाधार बारिश

हिमाचल प्रदेश में अधिक और मध्यम ऊंचाई वाले पहाड़ों पर भारी बर्फबारी हुई है। वहीं, कम ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों और मैदानी इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई है। राजधानी शिमला, चंबा, कुफरी, नारकंड़ा, डलहौजी, मनाली, सोलन, मंडी और किन्नौर में भारी बर्फबारी हुई।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad