Advertisement

'आप' के साथ कांग्रेस के गठबंधन का अजय माकन ने किया खंडन

लोकसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में भाजपा के खिलाफ बन रहे गठजोड़ के बीच आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच...
'आप' के साथ कांग्रेस के गठबंधन का अजय माकन ने किया खंडन

लोकसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में भाजपा के खिलाफ बन रहे गठजोड़ के बीच आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की सुगबुगाहट शुरु हो गई है। लेकिन दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने ऐसी किसी संभावना से इनकार किया है।

आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को दावा किया कि लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में उसके साथ गठबंधन करने की कोशिश में है।

दिलीप पांडे का दावा

‘आप‘ के राष्ट्रीय प्रवक्ता दिलीप पांडे ने ट्वीट कर कहा कि कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेता आम आदमी पार्टी के संपर्क में हैं। वे हरियाणा, दिल्ली और पंजाब में हमारा सहयोग चाहते हैं। आप नेता के मुताबिक, कांग्रेस पार्टी हमसे दिल्ली में एक सीट मांग रही है।

माकन ने किया खंडन

‘आप‘ के दिलीप पांडे के दावे के बाद दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन ने सोशल मीडिया पर आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल के खिलाफ हमला बोला। उन्होंने लिखा कि जब दिल्ली के लोग लगातार केजरीवाल की सरकार को नकार रहे हैं, तो फिर ऐसे में कांग्रेस उन्हें बचाने के लिए क्यों आगे आए? माकन यहीं पर नहीं रुके, उन्होंने गठबंधन की बात को खारिज करते हुए लिखा कि केजरीवाल, अन्ना हजारे और उनकी टीम की आरएसएस ने ही मदद की थी। इसी के बलबूते भाजपा केंद्र की सत्ता में काबिज हो पाई।

इन सबसे पहले ‘आप' ने शुक्रवार को दिल्ली की पांच लोकसभा सीटों पर प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। माना जा रहा है कि इन प्रभारियों में से ही लोकसभा के उम्मीदवार भी होंगे।

गठबंधन की गुंजाइश

'आप' ने अभी नई दिल्ली सीट और पश्चिमी दिल्ली सीट पर प्रभारी नियुक्त नहीं किए हैं। इससे राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोर पकड़ गई है कि आप 2019 में किसी पार्टी के साथ गठबंधन करने पर विचार कर रही है।

पार्टी ने चांदनी चौक लोकसभा सीट की जिम्मेदारी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता को दी है। अब वे बतौर प्रभारी इस सीट का कामकाज देखेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और दिल्ली प्रदेश के पूर्व संयोजक दिलीप पांडे उत्तर पूर्व दिल्ली लोकसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी संभालेंगे।

'आप' के सबसे युवा नेता राघव चड्ढा को दक्षिणी दिल्ली की कमान सौंपी गई है, वहीं आतिशी मर्लेना पूर्वी दिल्ली में पार्टी का नेतृत्व करेंगी। गुग्गल सिंह रंगा को उत्तरी पश्चिमी दिल्ली सीट सौंपी गई है। ये सभी नेता लोकसभा क्षेत्रों में पार्टी को मजबूत करेंगे। दिलीप पांडे को उत्तरी पूर्व दिल्ली लोकसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है।

कांग्रेस और आप के गठबंधन से हैरान नहीं हैं हम: बीजेपी

आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच संभावित गठबंधन की खबरों पर बीजेपी कहा है कि आप और कांग्रेस नेताओं के ट्वीट दिल्ली में गठबंधन का वातावरण बनाने की एक सोची समझी कोशिश का हिस्सा हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी ने कहा है कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के गठबंधन की चर्चा से हम न तो हैरान हैं और ना ही विचलित हैं। दोनों पार्टियों के नेताओं ने इस संबंध में जो ट्वीट किए हैं, उससे यह साफ हो जाता है कि भारतीय जनता पार्टी दिल्ली की जनता की पहली पसंद है और उससे ये दोनों ही पार्टियां घबराई हुई हैं। कांग्रेस और आप का यह गठबंधन एक अनैतिक गठबंधन होगा, जिसका मकसद केवल दिल्ली की जनता को भ्रमित करने का ही होगा।

वहीं दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने भी इस संबंध में ट्वीट कर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, 'डूबती आप को कांग्रेस का सहारा, अब अब समझ में आया। अजय माकन को बधाई। शीला दीक्षित के भ्रष्टाचारों पर नहीं की कोई कार्रवाई। मनमोहन सिंह की तारीफ। केजरीवाल ने बच्चों की झूठी कसम खाई। फिर कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाई। मैंने इसीलिए कहा था कि अरविंद केजरीवाल कांग्रेस का मौसेरा भाई है।'

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad