राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में शीतलहर का कहर जारी है। दिल्ली में शनिवार सुबह आठ बजे तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में मध्यम कोहरा देखा गया। कोहरे और गलन वाली ठंड की वजह से सुबह के समय बहुत कम लोग घर से बाहर निकल रहे हैं। सीपीसीबी यानी सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के मुताबिक आनंद विहार, अशोक विहार, द्वारका सेक्टर आठ, जहांगीरपुरी, मुंडका, रोहिणी और वजीरपुर समेत कई जगहों पर एयर क्वालिटी इंडेक्स सुबह आठ बजे ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया।
वहीं, दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी में सुधार हुआ है। बवाना में एक्यूआई 295, आईटीओ में 265 और डीटीयू में 199 दर्ज किया गया। इन इलाकों में एयर क्वालिटी ‘खराब’ से ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज की गईं।
भारत मौसम विभग ने गुरूवार की तरह आज भी येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञानियों ने लोगों को शीतलहर से बचकर रहने की सलाह दी है। 11 जनवरी तक कोहरा और शीतलहर जारी का रहने की संभावना है। नौ और 10 दिसंबर को भी बूंदाबांदी होने का पूर्वानुमान है। कुल मिलाकर अगले पांच दिनों तक शीतलहर, गलन के साथ भीषण ठंड से राहत मिलने की संभावना दिल्ली एनसीआर में कम है।
सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का एक्यूआई शुक्रवार शाम सात बजे 329 यानी बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। एयर क्वालिटी इंडेक्स में शून्य से 50 अंक तक हवा की क्वालिटी को ‘अच्छा’, 51 से 100 तक ‘संतोषजनक’, 101 से 200 तक ‘मध्यम’, 201 से 300 के स्तर को ‘खराब’, 301 से 400 के स्तर को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के स्तर को ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है।
दिल्ली में शुक्रवार को ‘ठंडा दिन’ दर्ज किया गया और खराब मौसम के बीच न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।सफदरजंग ऑब्जर्वेटरी ने अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से पांच डिग्री कम है।मौसम विभाग के मुताबिक न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है।