Advertisement

फेसबुक लाइव में सुसाइड करना हमारे समाज की नई सच्चाई है

फेसबुक लाइव के तरह-तरह के नोटिफिकेशन आते हैं। कभी लोग अपने गाने का लाइव करते हैं, कुछ लोग रिपोर्टिंग...
फेसबुक लाइव में सुसाइड करना हमारे समाज की नई सच्चाई है

फेसबुक लाइव के तरह-तरह के नोटिफिकेशन आते हैं। कभी लोग अपने गाने का लाइव करते हैं, कुछ लोग रिपोर्टिंग करते हैं, कुछ लोग रोजमर्रा की फालतू चीजें भी शेयर करते रहते हैं। लेकिन कभी फेसबुक लाइव का कोई नोटिफिकेशन चमके, आप उस पर क्लिक करें और पता चले कि अगला आदमी सुसाइड कर रहा है तो? आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे। यह प्रवृत्ति आजकल बढ़ती जा रही है। इसके मनोवैज्ञानिक कारण जटिल हो सकते हैं। लोग चाहते हैं कि उनकी बात सुनी जाए। अपने अस्तित्व को खत्म कर लेने से मसले का हल नहीं निकलता लेकिन व्यक्ति की चर्चा जरूर शुरू हो जाती है।

ताजा मामला उत्तर प्रदेश के आगरा का है। सेना में नौकरी नहीं मिलने से दुखी एक युवक ने मंगलवार रात को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फांसी लगाने से पहले उसने फेसबुक लाइव किया। इस दौरान युवक के कई दोस्त कमेंट कर उसे रोकने का प्रयास कर रहे थे। मृतक की शिनाख्त मुन्ना कुमार के रूप में हुई है। उसके कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें उसने लिखा है, ‘नौकरी नहीं मिलने से खुद पर विश्वास नहीं रहा। इसलिए मैं आत्महत्या कर रहा हूं।‘ मामला आगरा के थाना न्यू आगरा क्षेत्र रेणुका विहार कॉलोनी का है।

सीओ अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि सुसाइड नोट में मृतक ने माता-पिता से माफी मांगी है। पत्र के अंत में उसने जय हिंद भी लिखा है।

अप्रैल, 2018 - हरियाणा

हरियाणा के देवनगर के रहने वाले दीपक ने 15 अप्रैल को फेसबुक पर लाइव होकर फांसी लगा ली थी। उसने अपनी मौत के लिए दिल्ली पुलिस के दो कर्मियों व एक महिला कर्मी को जिम्मेदार ठहराया था। उसने दीवार पर सुसाइड नोट भी लिखा था, जिसमें तीनों के नाम ओर फोन नंबर भी लिखे थे। पुलिस ने दीपक के पिता की शिकायत पर दिल्ली पुलिस के तीनों कर्मचारी सुरेश, अरविंद व उषा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। तीनों आरोपी फरार हो गए थे। दिल्ली पुलिस तीनों आरोपियों को निलंबित कर चुकी है। 

जून, 2018 - पश्चिम बंगाल

पश्चिम बंगाल के दक्षिणी 24 परगना जिले में एक 18 वर्षीय लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली और इस पूरी घटना को फेसबुक पर लाइव स्ट्रीम किया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, सोनारपुर निवासी इस युवती ने पूरी घटना को दूसरी ओर एक अन्य व्यक्ति के सामने फेसबुक पर लाइव स्ट्रीम किया। कहा गया कि वह व्यक्ति लड़की का प्रेमी था। अधिकारी ने बताया कि शनिवार को कथित प्रेमी से मिलकर वापस आने के बाद से युवती के व्यवहार में बहुत बदलाव था। अधिकारी ने बताया कि युवती की मां का दावा है कि घर वापस लौटने के बाद से वह चुप थी।

अधिकारी ने बताया कि जब लड़की 8 बजे तक भी अपने कमरे से बाहर नहीं आई तो युवती के घरवाले घबरा गए और उन्होंने जब अंदर आकर देखा तो युवती का शरीर पंखे से लटका हुआ था। बाद में शुरुआती जांच में ये पाया गया कि युवती ने आत्महत्या के दौरान फेसबुक लाइव किया था और आगे की जांच जारी है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad