Advertisement

राजधानी में प्रदूषण का खतरा बरकरार, दिल्ली-एनसीआर में दमघोंटू हवा, जानें आज का एक्यूआई

राजधानी दिल्ली समेत इस समय पूरे एनसीआर की हवा जहरीली बनी हुई है। दिल्ली की वायु गुणवत्ता में रात के समय...
राजधानी में प्रदूषण का खतरा बरकरार, दिल्ली-एनसीआर में दमघोंटू हवा, जानें आज का एक्यूआई

राजधानी दिल्ली समेत इस समय पूरे एनसीआर की हवा जहरीली बनी हुई है। दिल्ली की वायु गुणवत्ता में रात के समय हवा की गति बढ़ने और हवा की दिशा में बदलाव के कारण सुधार हुआ है, लेकिन यह अब भी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में है। यह जानकारी निगरानी एजेंसी ने दी।

प्रदूषण ने लोगों की परेशानियों को बढ़ा दिया है। लोगों को सांस लेने में दिक्कत और आखों में जलन के अलावा गले में खराश की समस्या हो रही है। दिल्ली के अलावा नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में प्रदूषण का स्तर गंभीर बना हुआ है। इस वजह से दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में शनिवार (18 नवंबर) सुबह आसमान में धुंध की चादर छाई नजर आ रही है।

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा, "...अब हवा की गति थोड़ी बदली है और चीजों में सुधार देखा जा रहा है। आज प्रदूषण का स्तर लगभग 100 अंक नीचे गया है...एक सकारात्मक संकेत दिख रहा है और हमें उम्मीद है कि इसमें आगे और सुधार होगा..."।

दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजे 339 था, जो शुक्रवार शाम चार बजे 405 था। प्रतिदिन शाम चार बजे दर्ज किया जाने वाला 24 घंटे का औसत एक्यूआई बृहस्पतिवार को 419 था। बुधवार को यह 401, मंगलवार को 397, सोमवार को 358, रविवार को 218, शनिवार को 220 और शुक्रवार को 279 था।

पिछले सप्ताहांत अपेक्षाकृत बेहतर वायु गुणवत्ता का श्रेय बारिश को दिया गया। दिवाली की रात पटाखे चलाने और पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने की घटनाएं फिर से बढ़ने के कारण वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ गया। साथ ही वायु प्रदूषण में बढ़ोतरी के लिए प्रतिकूल मौसम संबंधी परिस्थितियों को जिम्मेदार ठहराया गया जिसमें मुख्य रूप से शांत हवा और कम तापमान शामिल था।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, दिल्ली का आज (18 नवंबर) सुबह का औसत एक्यूआई 398 के दर्ज किया गया है। इस वजह से कई इलाकों में धुंध की चादर छाई हुई है।  

दिल्ली से सटे नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी हवा की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। नोएडा में एक्यूआई 307 दर्ज किया गया है। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा में 318, गाजियाबाद में एक्यूआई 305, गुरुग्राम में 380 और फरीदाबाद में 399 है। इससे पहले शुक्रवार शाम को भी वायु गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में बनी रही। दिल्ली का समग्र एक्यूआई 398 दर्ज किया गया।

एक्‍यूआई (AQI) का स्‍तर शून्य और 50 के बीच होता है तो हवा को 'अच्छा' माना जाता है। अगर एक्यूआई 51 और 100 हो तो हवा की स्थिति को 'संतोषजनक' माना जाता है। वहीं, अगर एक्यूआई 101 और 200 के बीच हो तो 'मध्यम' और 201 और 300 के बीच हो तो हवा को 'खराब' माना जाता है। अगर एक्यूआई 301 और 400 के बीच पहुंच जाए तो हवा को 'बहुत खराब' और एक्यूआई 401 और 500 के बीच होने पर 'गंभीर' माना जाता है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad