Advertisement

कृषि कानूनों पर किसान संगठनों का 'चक्का जाम', जारी किए गए दिशा निर्देश, दिल्ली पुलिस अलर्ट

नए कृषि कानूनों पर आंदोलन कर रहे किसान संगठनों की तरफ से शनिवार को चक्का जाम किया जा रहा है। इसको लेकर...
कृषि कानूनों पर किसान संगठनों का 'चक्का जाम',  जारी किए गए दिशा निर्देश, दिल्ली पुलिस अलर्ट

नए कृषि कानूनों पर आंदोलन कर रहे किसान संगठनों की तरफ से शनिवार को चक्का जाम किया जा रहा है। इसको लेकर संयुक्त किसान मोर्चा ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। दिल्ली में चक्का जाम का कोई असर नहीं होगा। किसान नेताओं ने दिल्ली एनसीआर में चक्का जाम न करने का ऐलान किया है, फिर भी दिल्ली पुलिस अपने स्तर पर तैयारी कर रही है। नई दिल्ली के डिप्टी पुलिस कमिश्नर ने दिल्ली मेट्रो के अधिकारियों को पत्र लिखा है। इस पत्र में डीसीपी ने दिल्ली मेट्रो के अधिकारियों से जरूरत पड़ने पर 12 मेट्रो स्टेशन बंद करने के लिए तैयार रहने को कहा है।

वहीं, दिल्ली और उत्तर प्रदेश की सीमा पर किसान आंदोलन का नेतृत्व कर रहे भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने कहा है कि कल दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में चक्का जाम नहीं किया जाएगा। किसान सिर्फ जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा के मुताबिक, देश भर में राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक जाम किया जाएगा। इस दौरान इमरजेंसी और आवश्यक सेवाओं जैसे एम्बुलेंस, स्कूल बस आदि को नहीं रोका जाएगा।

किसान मोर्चा ने कहा है कि चक्का जाम पूरी तरह से शांतिपूर्ण और अहिंसक रहेगा। दिल्ली एनसीआर में कोई चक्का जाम नहीं होगा क्योंकि सभी विरोध स्थल पहले से ही चक्का जाम मोड में हैं। प्रदर्शनकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस कार्यक्रम के दौरान किसी भी अधिकारी, कर्मचारी या आम नागरिक के साथ किसी भी तरह के टकराव में शामिल न हो। दिल्ली में प्रवेश करने के लिए सभी सड़कें खुली रहेंगी जहां पहले से ही किसानों के आंदोलन चल रहे हैं वो रास्ते बंद रहेंगे। किसान मोर्चा ने कहा कि सभी से अपील है कि चक्का जाम में भाग लें। 3 बजे 1 मिनट तक हॉर्न बजाकर, किसानों की एकता का संकेत दें।

6 जनवरी को निकली किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान हिंसा भड़क उठी थी। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस इस बार अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि किसानों के प्रस्तावित ‘चक्का जाम’ से पहले प्रदर्शन स्थलों के पास दिल्ली के विभिन्न बार्डर पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। दिल्ली के पुलिस कमिश्नर एस एन श्रीवास्तव ने सुरक्षा की समीक्षा की है। किसानों के चक्का जाम को देखते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के सिंधु दुर्ग का दौरा एक दिन के लिए टाल दिया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad