Advertisement

कांग्रेस नेता शांताराम नाइक और एलपी शाही का निधन, राहुल गांधी ने जताया शोक

कांग्रेस पार्टी के लिए शनिवार की सुबह काफी दुखद खबरों से भरी रही। पार्टी ने आज अपने दो वरिष्ठ नेताओं को...
कांग्रेस नेता शांताराम नाइक और एलपी शाही का निधन, राहुल गांधी ने जताया शोक

कांग्रेस पार्टी के लिए शनिवार की सुबह काफी दुखद खबरों से भरी रही। पार्टी ने आज अपने दो वरिष्ठ नेताओं को हमेशा-हमेशा के लिए खो दिया। आज सुबह गोवा के पूर्व अध्यक्ष तथा पूर्व राज्य सभा सांसद शांताराम नाइक का दिल का दौरा पड़ने के बाद निधन हो गया। वहीं, दिल्ली के एम्स में इलाज के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री एलपी शाही का निधन हो गया।

शांताराम नाइक का निधन

गोवा प्रदेश कांग्रेस के महासचिव अल्टिन्हो गोम्स ने बताया कि बेचैनी की शिकायत के बाद 72 साल के नाइक को मडगांव स्थित उनके आवास से एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि आज सुबह सात बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

राहुल गांधी ने जताया शोक

गोवा कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे शांताराम नाइक की मौत पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'गोवा कांग्रेस के पूर्व चीफ, सांसद और सीनियर कांग्रेस नेता शांताराम नाइक के निधन के बारे में सुनकर मुझे दुख है, जिन्होंने गोवा के राज्य के लिए लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दुःख के समय में उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना है। उनकी आत्मा को शांति मिले।

नहीं रहे कांग्रेस के वरिष्ठ एलपी शाही

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री एलपी शाही का निधन हो गया। शनिवार की सुबह दिल्ली के एम्स में उनका निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, दोपहर में उनका पार्थिव शरीर विशेष विमान से पटना लाया जाएगा। वे मूल रूप से वैशाली जिला के साइन गांव के निवासी थे।

एलपी शाही कांग्रेस के कद्दावर नेता थे। उनका निधन 98 वर्ष की आयु में हुआ। एलपी शाही को तबियत बिगड़ने पर 7 जून को एम्स में भर्ती कराया गया था।

सीएम नीतीश ने भी जताया दुख

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री एलपी शाही के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि वे एक प्रख्यात राजनेता एवं प्रसिद्ध समाजसेवी थे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों, अनुयायियों एवं प्रशंसकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

हमने एक मार्गदर्शक को खो दिया है: कांग्रेस

वहीं, कांग्रेस नेता गिरीश राय चोदानकर ने शांताराम नाइक के निधन की खबर पर कहा, ‘यह हमारे लिए चौंकाने वाली खबर है। उनके रूप में हमने एक मार्गदर्शक को खो दिया है। उन्होंने बड़ी तादाद में युवाओं को परामर्श देकर उन्हें कांग्रेस में शामिल होने के लिए प्रेरित किया था। हमारे लिए यह बड़ी क्षति है।’   

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad